9 डिग्री लुढ़का पारा
धौलपुर. शुक्रवारको संकेत मिले है कि अब सर्दी ने दस्तक दे दी। दि नभर बादल आते जाते रहे, कभी धूप निकली भी वह भी तेज नहीं थी। पश्चिम दिशा से चल रही सर्द हवाओं ने कंपकंपी ठंड का एहसास कराया।
मौसम विभाग के मुताबिक वैसे तो तापमान पहले भी एक बार गिर कर नौ डिग्री तक चला गया था, लेकिन उस समय दिन में मौसम गर्म होता था। पहली बार रात के तापमान के साथ ही दिन के तापमान में भी गिरावट दर्ज हुई है। आसमान में दिन भर बादलों की आवाजाही के साथ पश्चिम दिशा से ठंडी हवाएं भी चली है। इससे लोग पूरे दिन गर्म कपड़ों में लिपटे नजर आए। अचानक आई इस सर्दी का असर आम जन की दिनचर्या पर भी नजर आए। मचकुंड रोड पर घूमने वालों की संख्या में भी शुक्रवार को कमी दिखी। मौसम विभाग के मुताबिक तीन दिन पहले अधिकतम तापमान 28 एवं न्यूनतम 16 डिग्री तक दर्ज किया गया था। बुधवार को तापमान में थोड़ी गिरावट हुई। और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री पर गया। जबकि गुरुवार को तापमान तीन डिग्री गिरावट के साथ 12 एवं शुक्रवार को दो डिग्री गिरावट के साथ 10 डिग्री पर गया।
बसईनवाब: शुक्रवारको मौसम बदला नजर आया। दो दिन पहले तक दिन में धूप लोगों को सता रही थी। रात में थोड़ी सर्दी का एहसास भी हो रहा था, शुक्रवार को मौसम ने पलटी मारा और बादलों की लुकाछिपी की आड़ में सर्दी ने दस्तक दे दी। लोग सर्दी से बचाव के लिए गर्म वस्त्र पहनने के साथ -साथ अलाव जला कर सर्दी से बचने का प्रयास करते देखे गए।
हो सकती है बारिश
मौसमवैज्ञानिकों के अनुसार 14 दिसंबर के बाद उत्तर मध्य भारत के ज्यादातर इलाकों में बादलों की आवाजाही के बीच बारिश की संभावना रहेगी। यह स्थिति एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस की वजह से बन रही है। ऐसे में कुछ दिन तक आसमान में बादल भी छाए रह सकते है। वहीं तापमान में गिरावट के साथ ही हवा में भी रूखापन बढ़ेगा।
धौलपुर. ठंड से बचने के लिए अलाव तापते लोग।