- Hindi News
- फार्मासिस्ट जागृति संकल्प यात्रा धौलपुर पहुंची
फार्मासिस्ट जागृति संकल्प यात्रा धौलपुर पहुंची
फार्मासिस्टजाग्रति संस्थान की ओर से प्रदेश स्तरीय संकल्प यात्रा फार्मासिस्ट जाग्रति अभियान का आयोजन किया जा रहा है। यह यात्रा 24 सितंबर तक प्रदेश भर में दौरे करेगी।
इस अभियान के तहत प्रदेश भर का दौरा कर फार्मासिस्टों को जागरूक किया जा रहा है कि अगर खुद मेडिकल की दुकान पर उपस्थित नहीं रह सकें तो उस दुकान पर अपना रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट लाइसेंस नहीं दें। इस कड़ी में बुधवार को संस्थान के प्रदेशाध्यक्ष सर्वेश्वर शर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेश दवे, प्रदेश महासचिव नवीन शर्मा, सलाहकार शिवकरण मील, प्रदेश मंत्री दिनेश धाबाई संकल्प यात्रा को लेकर बुधवार को धौलपुर पहुंचे। इस मौके पर भरतपुर संभाग प्रभारी नरेश सोलंकी के नेतृत्व में जिला कलेक्टर, जिला औषधि निरीक्षक एवं मुख्य स्वास्थ्य चिकित्सा अधिकारी के साथ फार्मेसी एक्ट की सख्ती से पालना पर चर्चा की गई। भरतपुर संभाग प्रभारी सोलंकी ने बताया कि जिले में अधिकतर मेडिकल स्टोर फार्मासिस्ट की अनुपस्थिति में संचालित किए जा रहे हैं और मनमर्जी से दवा बेची जा रही है। इससे आम जनता के स्वास्थ्य एवं जीवन के साथ खिलवाड़ हो रहा है। उन्होंने बताया कि इसकी रोकथाम और कार्रवाई को लेकर ज्ञापन दिया गया। जिला कलेक्टर को भेजे ज्ञापन में बताया कि फार्मेसी एक्ट एवं ड्रग एंड कॉस्मेटिक एक्ट नियमानुसार दवा का वितरण एवं भंडारण रजिस्टर्ड फार्मासिस्ट ही कर सकता है।
यदि फार्मासिस्ट के अलावा कोई भी व्यक्ति दवा का वितरण एवं भंडारण करता है तो यह एक्ट के अनुसार छह महीने की कैद एवं एक हजार रुपए के जुर्माना का प्रावधान है। संकल्प यात्रा के जरिए ड्रग माफियाओं द्वारा किए जा रहे गौरखधंधे को बंद कराने की मांग की जा रही है। इस मौके पर धौलपुर के युनिस कुरैशी भी मौजूद थे।
धौलपुर. कलेक्ट्रेट में ज्ञापन देने के बाद मांगों की जानकारी देते पदाधिकारी।