मामूली विवाद में भिड़े दो पक्ष पुलिस पर पथराव, बाजार बंद
पुरानागंज में मंगलवार रात 8 बजे एक नमकीन की दुकान पर सामान लेने आए एक युवक से कुछ अन्य युवकों की बहस हो गई। देखते ही देखते बात इतनी बढ़ी कि दोनों पक्षों में जबरदस्त मारपीट शुरू हो गई। झगड़ा देख आसपास की दुकानदारों ने दुकानें बंद कर दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को देख उपद्रवी भागने लगे।
पुलिस ने पीछा किया तो मोहल्ला कसाईपाड़ा में उपद्रवियों ने अपने घरों की छतों पर चढ़कर पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। इसमें सीआई रमेश तंवर, एएसआई जयपाल सिंह सहित अन्य तीन कांस्टेबल घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसके बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने पुलिस थाना सैंपऊ, कंचनपुर, बसेड़ी, सरमथुरा, बसईडांग सहित धौलपुर के अतिरिक्त जाब्ता के साथ कोबरा टीम भेजकर बाड़ी को छावनी में तब्दील कर दिया। देर रात तक उपद्रवियों की पहचान की जा रही थी। उल्लेखनीय है कि मोहल्ला कसाईपाड़ा संवेदनशील मोहल्ला घोषित होने की वजह से पूर्व में भी कई वारदातों को अंजाम दे चुके हैं।
जानकारी के अनुसार, पुरानागंज में रात आठ बजे विशंभर सिंह परमार नमकीन लेने के लिए आया था। इस दौरान उसने बाइक को साइड में खड़ा कर दिया। थोड़ी देर बाद मोहल्ला कसाईपाड़ा से दो बाइकों पर चार युवक नशे में धुत होकर यहां से निकले। युवकों ने विशंभर की साइड में खड़ी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दिया और गाली-गलौज के साथ कहने लगे कि यह बाइक किसकी है। इतने में पास ही सामान ले रहा विशंभर सिंह जैसे ही आया तो दोनों पक्षों में कहासुनी होने लगी। इसके बाद दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। झगड़े की सूचना मिलने पर विशंभर के कुछ साथी मौके पर गए। इस दौरान दूसरे पक्ष के युवकों ने सूचना दे दी तो मोहल्ला कसाई पाड़ा से करीब दो दर्जन से अधिक युवक लाठी-डंडे से लैस होकर गए और झगड़ा करने लगे। इलाके में झगड़ा देख दुकानदारों में अफरा-तफरी मच गई। दुकानदारों ने तुरंत दुुकानों के शटर गिरा दिए। घटना की सूचना पुलिस को मिली तो सीआई रमेश तंवर पुलिस जाब्ता के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस के पहुंचते ही उपद्रवी भागने लगे। पुलिस उपद्रवियों को पकड़ने के लिए पीछे दौड़ी। इसके बाद उपद्रवी मोहल्ला कसाईपाड़ा में घरों में घुस गए। मोहल्ला कसाईपाड़ा में पुलिस के साथ विशंभर के कुछ साथी भी पहुंचे। इस दौरान विशंभर के किसी साथी ने एक मकान पर एक-पत्थर मार दिए। थोड़ी ही देर में उपद्रवियों ने छतों से पथराव कर दिया। इसमें सीआई रमेश तंवर, एएसआई जयपाल सिंह सहित तीन पुलिस कर्मी घायल हो गए।
कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची
सूचनामिलते ही मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने पुलिस थाना सैंपऊ, कंचनपुर, बसेड़ी, सरमथुरा, बसईडांग सहित धौलपुर के अतिरिक्त जाब्ता के साथ कोबरा टीम को मौके पर भेजा और बाड़ी को छावनी में तब्दील कर दिया। मौके पर एडिशनल एसपी राजेंद्र प्रसाद खोथ भी पहुंचे। देर रात तक उपद्रवियों की पहचान करके उनकी तलाश की जा रही थी। एसएचओ रमेश तंवर ने बताया कि पथराव करने वाले युवकों की पहचान की जा रही है। जल्द ही इनको गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
बाड़ी. घटना के बाद क्षेत्र में गश्त करती पुलिस फोर्स।