पच्चीस दिवसीय पौरोहित्य प्रशिक्षण शिविर का समापन
जगदगुरुशंकराचार्य वेद विज्ञान शोध संस्थानम एवं राजस्थान संस्कृत अकादमी जयपुर की अोर से 14 जनवरी से 7 फरवरी तक चलने वाला 25 दिवसीय पौरोहित्य प्रशिक्षण शिविर सफलता पूर्वक सम्पन्न हुआ। प्राचीन राम मंदिर स्वामी शिवानन्द आश्रम मचंकुड पर शिविर का आयोजन किया गया।
जिसमें प्रथम पंचदिवसीय कार्यक्रम के अंतर्गत दैनिक नित्यक्रिया, सन्ध्योपासन विधि, बलिवैश्वदेव, तर्पण आदि का प्रशिक्षण, द्वितीय पंचदिवसीय कार्यक्रम के अंतर्गत संस्कार परिचय, विवाह संस्कार, पिण्डदान, जन्मोत्सव विधि आदि, तृतीय पंचदिवसीय कार्यक्रम के अंतर्गत सामान्य पूजन विधि, देव पूजन विधि, पंचवेदी मण्डलपीठ रचना, गौरी गणेश पूजन, वरुण कलश स्थापना आदि, चतुर्थ पंचदिवसीय कार्यक्रम के अंतर्गत विशिष्ठ देव पूजन विधि, कुशकंडिका-हवन, बलिदान पूर्णाहुति, मंगल स्नान, आरती, पुष्पांजलि, विसर्जन आदि तथा पंचम पंचदिवसीय कार्यक्रम के अंतर्गत ज्योतिष और मुहूर्त, पंचांग विवरण देखने की विधि, विवाह मुहूर्त, यात्रा मुहूर्त, गृहारम्भ एवं गृहप्रवेश मुहूर्त इत्यादि देखने का प्रशिक्षण दिया गया। संस्थानम के कोषाध्यक्ष महेश मंगल ने बताया कि इस शिविर में 22 प्रशिक्षार्थियों ने भाग लिया तथा व्याकरण आचार्य देवकीनन्दन शर्मा, साहित्य कर्मकाण्ड विशेषज्ञ डॉ.सीताराम शर्मा, यजुर्वेदाचार्य अंकुर शुक्ल, मुरारीलाल शर्मा शिवप्रकाश आचार्य आदि ने प्रशिक्षण प्रदान किया।
इस मौके पर संस्थानम के सचिव विनोद दुबे, अनिल शर्मा, भूपाल सोनी सहित काफी संख्या में धर्मप्रेमी तथा भक्तगण मौजूद रहे।