जनसुनवाई में 29 मामलों में से 7 का हुआ निस्तारण
जिलाकलेक्टर शुचि त्यागी की अध्यक्षता में गुरूवार को कलेक्ट्रेट में हुई जिला स्तरीय जन अभाव अभियोग निराकरण एवं सतर्कता समिति की बैठक में लम्बित 29 मामलों का विचार कर इनमें से 7 प्रकरण निस्तारित किए गए।
कलेक्ट्रेट के अटल सेवा केन्द्र में हुई बैठक में कलेक्टर ने शेष 22 प्रकरणों का जल्द निस्तारण करने के निदेश दिए। उन्होंने ब्लॉक स्तर पर सामने आई समस्याओं तथा बैठक से सम्बन्धित मामलों पर विचार विमर्श भी किया। लुधवाडा धौलपुर निवासी लोकेन्द्र सिंह ने बताया कि कृषि विद्युत कनेक्शन के लिए 22 जुलाई 2015 को डिमाण्ड नोटिस जमा करवाने के वाबजूद कनेक्शन नहीं हुआ। इस पर जेवीवीएनएल अधीक्षण अभियन्ता ने बताया कि रबी की फसल कटने पर कनेक्शन हो पाएगा। रजौरा कला निवासी मनोज ने 11 केवी लाइन का तार टूट जाने से दाहिना हाथ जलने की बात कही तथा मुआवजा दिलाने की मांग की।
जिस पर कलेक्टर ने मामले की विस्तृत रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए। दौपुरा की सरपंच चन्द्रकला ने ग्राम पंचायत के पूर्व सचिव उम्मेदीलाल के खिलाफ भ्रष्टाचार की शिकायत की थी। कलेक्टर ने बताया कि पूर्व सचिव के खिलाफ 16 सीसीए के तहत चार्जशीट दी जा चुकी है, साथ ही बसेड़ी थाने में एफआईआर दर्ज करवा दी गई है। टांडा निवासी गीताराम ने बताया कि उसकी स्वर्गीय मॉं ने नरेगा में कार्य किया था, जिसका बकाया भुगतान उसके दिलवाया जाए। कलेक्टर ने बताया कि मजदूरी की राशि पोस्ट ऑफिस में भिजवा दी गई है, भुगतान जल्द हो जाएगा। सेवानिवृत लैब टैक्निशयन पुर्णेन्द्र प्रकाश ने पूर्व में रिवाइज्ड पेंशन डीए सहित एरियर दिलवाने की मांग की थी। उसकी सर्विस बुक खो जाने तथा लापरवाही बरतने के कारण अतिरिक्त जिला कलेक्टर ने पिछली बैठक में ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं प्रस्थापना शाखा के लिपिक की जनवरी माह की तनख्वाह रोकने के निर्देश दिए थे। अब सर्विस बुक मिल गई है। कलेक्टर ने इस मामले में दोषी कार्मिक के विरुद्ध कार्रवाई करने के निदेश दिए। कलेक्टर ने नगर परिषद की सेवा निवृत कार्मिक अंगूरी की पेंशन स्वीकृत करने, उसकी पीएल तथा ग्रेच्युटी की बकाया राशि में से कुछ राशि जल्द देने के निर्देश दिए। दशरथ सिंह परमार ने रामसागर अभयारण्य क्षेत्र में अवैध रूप से मछली पकडऩे की शिकायत की थी। बाडी उपखण्ड अधिकारी द्वारा जांच कराने पर शिकायत सही पाई गई। इस पर जिला कलेक्टर ने यह अवैध कार्य करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई करने तथा पूर्व में झूठी रिपोर्ट भेजने वाले वन विभाग के कार्मिक के विरुद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
बैठक में एडीएम अनिल कुमार, एडीशनल एसपी राजेन्द्र प्रसाद खोथ, धौलपुर एसडीएम प्रदीप के गावंडे, सैंपऊ एसडीएम चेतन चौहान, जिला सूचना एवं प्रौद्यागिकी अधिकारी गौरीश वशिष्ठ, जेवीवीएनएल के अधीक्षण अभियन्ता आर के मीणा, जिला कोषाधिकारी अनिल गोयल, सीएमएचओ डॉ. राजेश मित्तल, पीएमओ डॉ. जनार्दन सिंह परमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
धौलपुर. जनसुनवाई करते अधिकारी।