बारिश से हाईवे पर धुला पैचवर्क
बारिश से हाईवे पर धुला पैचवर्क
धौलपुर। कलेक्ट्रेटके पास एनएचएआई द्वारा कराया गया पैचवर्क बारिश की पहली फुहार में ही धुलकर एक बार फिर से पहले की स्थिति में पहुंच गया है। हल्की बरसात में ही इस सड़क पर जगह जगह गहरे गड्ढे बन गए है। इन गड्ढों की वजह से दुर्घटना की संभावना भी बढ़ गई है। यह स्थित खासतौर पर गुलाब बाग चौराहे से जगदीश तिराहे तक देखी जा रही है। गौरतलब है कि यह सड़क राजमार्ग से राष्ट्रीय राजमार्ग में पिछले साल ही कनवर्ट हुई थी। इस कन्वर्जन के बाद लोक निर्माण विभाग ने गारंटी पीरियड में होने के बावजूद भी इसकी मरम्मत का काम छोड़ दिया। वहीं एनएचएआई ने नए ठेके के तहत काम शुरू होने तक वैकल्पिक व्यवस्था के लिए बरसात में बाद लाखों रुपये खर्च कर पैचवर्क कराया था। चूंकि पैचवर्क के दौरान अधिकारियों ने गुणवत्ता को तवज्जो नहीं दी। शनिवार को हुई पहली बारिश में ही पूरा पैचवर्क धुल गया है। वहीं पहले से बने गडढे और भी गहरे हो गए है।