- Hindi News
- फौजियों ने गश्त कर रहे पुलिसकर्मियों को पीटा
फौजियों ने गश्त कर रहे पुलिसकर्मियों को पीटा
सोमवार की देर रात शहर के नेशनल हाइवे से संख्या तीन स्थित जिरौली फाटक के पास औडेला मोड़ पर फौजियों ने गश्त कर रहे पुलिसकर्मियों की पिटाई कर दी। पुलिस के जवानों ने फौजियों को ऑन रोड शराब पीने से मना किया था। इतनी सी बात पर फौजी भडक़ गए और उन्होंने लात, घुसों एवं बैल्ट से जमकर धुनाई कर दी। जिसमें एक पुलिस कर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे देर रात राजकीय अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार निहालगंज थाने की गश्ती पुलिस सोमवार रात करीब 2 बजे एनएच तीन स्थित औडेला रोड़ पहुंची। जहां पर फौज के तीन ट्रक ऑन रोड खड़े हुए थे और कई फौजी ट्रक से उतरकर शराब पी रहे थे। पुलिस ने उन्हें ऐसा करने से मना किया तो फौजियों ने पुलिस कर्मियों पर लात, घुसों बैल्टों से मारपीट शुरू कर दी। यह घटना क्रम करीब दस मिनट तक चला। इस दौरान पुलिस कर्मी रामवीर पुत्र बलवीर उम्र 35 वर्ष के सिर में गंभीर चोट पहुंची, जबकि सिपाही रमेश, योगेश लाखन के शरीर में गंभीर चोट पहुंची।
इसके बाद फौजी अपने ट्रकों को लेकर आगरा की ओर निकल गए। घायल सिपाहियों ने इसकी सूचना निहालगंज थाने को दी और खुद इलाज के लिए अस्पताल पहुंच गए। चिकित्सकों ने सिपाही रामवीर के सिर में गंभीर चोट लगने के कारण भर्ती कर लिया, लेकिन घायल सिपाही रामवीर सुबह सामान्य अस्पताल से बिना सूचना दिए चला गया।