कलेक्टर ने सुनी समस्याएं
कलेक्ट्रेटमें गुरूवार को जिला कलेक्टर शुचि त्यागी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय जनसुनवाई की गई। जिसमें बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और सभी मामलों में जिला कलेक्टर ने सम्बन्धित अधिकारियों को जांच कर नियमानुसार राहत देने के निर्देश दिए हैं।
आनन्द नगर धौलपुर निवासी रीतीलाल ने कहा कि बीपीएल आवास योजना में एक किश्त ही मिली है जिसके कारण पक्का आवास का सपना अधूरा है। इस पर कलेक्टर ने बताया कि ऐसे कई प्रकरण हैं। इन सभी को राज्य सरकार को भेजा जाएगा। घण्टाघर रोड धौलपुर निवासी श्रीनिवास शर्मा ने बताया कि जुलाई 2014 में जेवीवीएनएल के कार्मिक उसके घर से मीटर उखाड़ ले गए। मामले की जांच कर दोषियों को दण्डित किया जाए। महाराजगंज निवासी मिथलेस ने उसकी जमीन पर दबंगों द्वारा कब्जा करने की शिकायत की। ठेकुली निवासी देवेन्द्र सिंह ने बताया कि उसके निजी ट्यूबवैल पर दूसरों ने कब्जा कर लिया है और दादागिरी से उसका पानी ले रहे हैं। उमरारा निवासी हेता ने जमीन का दाखिला खुलवाने की मांग की। भैंसाख निवासी रामबेटी ने मनरेगा की बकाया मजदूरी दिलाने की मांग की। हंसे का पुरा निवासी गोकुल सिंह ने पंजाब नेशनल बैंक की बसईनवाब शाखा से उसका किसान क्रेडिट कार्ड जारी करवाने की मांग की। मिश्रिया का पुरा निवासी नादरिया ने बताया कि बीपीएल राशन कार्ड होने के बावजूद गेहूं नहीं मिल रहा है। कुरैंधा के ग्रामीणों ने श्मशान के रास्ते से अतिक्रमण हटाने की मांग की। लीला विहार कॉलोनी के निवासियों ने आम रास्ते से अतिक्रमण हटाने, बाडी निवासी चित्रा ने दत्तक पुत्राी के अत्याचार से मुक्ति दिलाने, मनियां के निवासियों ने राशन का सही वितरण करवाने, लुहारी निवासी सरबन लाल ने इन्द्रा आवास योजना का लाभ दिलाने, शंकरलाल निवासी धौलपुर ने फर्जी दस्तावेजों से पट्टा दूसरे के नाम करने वाले नगर परिषद के कार्मिकों के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग की। नगर परिषद के सेवा निवृत कार्मिक स्लाम खां ने रिवाइज्ड पेंशन दिलवाने, गडरपुरा निवासी मानसिंह ने करन्ट से मृत पुत्रा की मुआवजा राशि दिलवाने की मांग की। बोधा का पुरा निवासियों ने सैयद वाला तालाब नम्बर 2 में हो रहे अवैध खनन को रुकवाने की मांग की। कलेक्टर ने सभी शिकायतों की जांच कर जल्द से जल्द रिपोर्ट देने तथा नियमों में आने पर परिवादी को राहत देने के निर्देश दिए।