ज्ञान-गोठ 25 सितंबर को श्रीडूंगरगढ़ में
बीकानेर | सिम्पोजियमसाहित्य अकादमी, नई दिल्ली और राष्ट्रभाषा हिंदी प्रचार समिति, श्रीडूंगरगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में 25 सितंबर को श्रीडूंगरगढ़ में राजस्थानी निबंध विषय पर केन्द्रित एक दिवसीय ज्ञान-गोठ (सिम्पोजियम) होगी। स्थानीय आयोजक संस्था के संयुक्त सचिव रवि पुरोहित ने बताया कि सिम्पोजियम का उद्घाटन निबंधकार प्रो. जहूर खां मेहर करेंगे। राजस्थानी भाषा परामर्श मंडल के संयोजक अर्जुनदेव चारण की अध्यक्षता में होने वाले इस सत्र में स्वागत भाषण साहित्य अकादमी, नई दिल्ली के शांतनु गंगोपाध्याय देंगे।
राजस्थानी निबंध के विभिन्न आयामों का प्रथम सत्र डॉ. मदन सैनी की अध्यक्षता में होगा। इस सत्र में रायसिंहनगर के डॉ. मंगत बादल, डीडवाना के डॉ. गजादान चारण एवं बीकानेर के डॉ. नमामीशंकर आचार्य राजस्थानी निबंध साहित्य में विरचित विभिन्न मूल्यों का विवेचन करेंगे। डॉ. चेतन स्वामी की अध्यक्षता में आयोज्य द्वितीय चर्चा-सत्र में डॉ. अर्जुनसिंह उज्जवल, गिरधर दान रतनू और शंकरसिंह राजपुरोहित राजस्थानी संस्कृति, पर्यावरण एवं जन जीवन से जुड़े निबंध साहित्य पर विवेचनात्मक पत्रों का वाचन करेंगे। एक दिवसीय इस सिम्पोजियम का समापन सत्र साहित्य अकादमी, नई दिल्ली की कार्य समिति के सदस्य श्याम महर्षि की अध्यक्षता में होगा। इस सत्र में निबंधकार संपादक डॉ. किरण नाहटा मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे।