अवैध नल कनेक्शनों पर करें कार्यवाही
उपखंडस्तरीय साप्ताहिक समीक्षात्मक बैठक शुक्रवार को एसडीएम बलदेव प्रसाद शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। इसमें संबंधित विभाग के अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। बैठक में एसडीएम शर्मा ने जलदाय विभाग के अधिकारियों से कहा कि राइजिंग लाइन में जो अवैध जल कनेक्शन हो रखे हैं उनके खिलाफ सख्ती से कार्यवाही की जाए। हाईवे पर अनेक ऐसे व्यवसायिक होटल है जहां अवैध जल कनेक्शन हैं। इसके अलावा चुगनी से पानी की आवक कम होने से गर्मी के मौसम में पानी का गंभीर संकट हो सकता है।
इस स्थिति से निपटने के लिए अभी से ही विभागीय स्तर पर कार्यवाही की जाए। इसके अलावा बंद पड़े हैंडपंपों को दुरुस्त किया जाए।
विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि ग्रामीण शहरी क्षेत्रों में सिंगल फैज की लाइन नियमानुसार सप्लाई मिलनी चाहिए। रात्रि को कुछ गांवों में सप्लाई बंद होने की जानकारी मिलती है। इसमें सुधार हो साथ ही विद्युत ट्रांसफार्मरों का रखरखाव होना चाहिए।
इसके अलावा सानिवि अधिकारियों को निर्देश दिया कि रहमान गेट के आगे बनाए गए डिवाइडर मापदंड के अनुसार सही नहीं हैं। इन्हें ठीक किया जाए। ईओ को निर्देश दिए कि सार्वजनिक शौचालय के लिए सरकार 2 लाख रुपए की राशि देती है अत: इसके लिए स्थान चिह्नित कर सूचना दी जाए।
स्वच्छ भारत अभियान कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पालिका अपने स्तर पर वार्डों का निरीक्षण करें। इसके अलावा यातायात व्यवस्था पर एसडीएम ने कहा कि ईओ डीएसपी के साथ अलग से बैठक कर इस मसले का हल निकाला जाएगा। मिर्धा पार्क के पास पालिका के नाले को बड़ा स्वरूप देकर नाला बनाने के प्रयास किए जाएं।
ईओ ने कहा कि इसकी लागत एक करोड़ आएगी। इस बारे में डीएलबी को लिखा गया है।
जिन पर बिजली बिल बकाया उन्हें नोटिस दें
बीडीओको एसडीएम ने निर्देश दिए कि जिन घरों में शौचालय नहीं हो उस जनप्रतिनिधि को चुनाव लड़ने से वंचित किया जाए। उन्होंने कहा कि सुगम में दर्ज प्रकरणों का निस्तारण कई विभागों में नहीं हुआ है। इस बारे में चार्जशीट दी जाएगी। संपर्क समाधान से प्रकरण दर्ज किए जाएं। डिस्कॉम अधिकारी को एसडीएम ने कहा कि बकाया बिल वाले विभागों को नोटिस दिया जाए। बैठक में तहसीलदार श्योराम वर्मा, ईओ शमीम, बीसीएमओ डॉ. अनिल शर्मा, बीईईओ श्योराम वर्मा, बीडीओ नेतराम मीणा एवं अधिकारी उपस्थित थे।
डीडवाना