- Hindi News
- National
- पीएचईडी को टूटी लाइनों को दुरूस्त कराने का मुआवजा दें पीडब्ल्यूडी विभाग : एडीएम
पीएचईडी को टूटी लाइनों को दुरूस्त कराने का मुआवजा दें पीडब्ल्यूडी विभाग : एडीएम
डीडवानाशहर में सार्वजनिक निर्माण विभाग द्वारा 7डी स्टेट हाइवे के तहत सड़क निर्माण कार्य के दौरान जलदाय विभाग की क्षतिग्रस्त पाइप लाइनों को दुरूस्त कराने के लिए एडीएम छगनलाल गोयल ने दोनों विभागों के अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी किए है। पीडब्ल्यूडी द्वारा रहमान गेट से सुभाष सर्किल होते हुए भगत सिंह सर्किल तक सड़क निर्माण कार्य किया जा रहा है।
जिसमें तोड़ी गई सड़कों के कारण दौलतपुरा, चुगनी से आने वाली पाइप लाइन अनेक जगह से क्षतिग्रस्त हो चुकी है। जिसके कारण पानी की सप्लाई व्यवस्था बिगड़ गई है। इससे लोगों को पेयजल किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। बुधवार को भास्कर में प्रकाशित खबर पर गंभीरता से कार्रवाई करते हुए एडीएम गोयल ने पहले जलदाय विभाग के सहायक अभियंता को फोन किया और इस पूरे मामले की जानकारी ली कि कहां-कहां से पाइप लाइनें क्षतिग्रस्त हुई है और इसे ठीक कैसे किया जाएगा, इस पर विभाग के अभियंता ने कहा कि जो भी लाइनें क्षतिग्रस्त हुई है उनको दुरूस्त करने के लिए सानिवि राशि जमा करावें तभी लाइनें ठीक हो सकती है।
उसके बाद एडीएम गोयल ने पीडब्ल्यूडी के अधीक्षण अभियंता से बात की और निर्देश दिए कि सड़क निर्माण के दौरान जो पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हुई है उनको दुरूस्त करने के लिए जलदाय विभाग को नियमानुसार हर्जाना राशि दी जाए ताकि पाइप लाइन को जल्द से जल्द ठीक करके पानी की सप्लाई व्यवस्था सुचारू रूप से की जा सके।
सामंजस्यरखें दोनों विभाग
उन्होंनेकहा कि दोनों विभागों में अगर सामंजस्य नहीं है तो दोनों विभाग आपस में सामंजस्य रखें और जल्द से जल्द इस समस्या का निपटारा करने का प्रयास करें। उन्होंने कहा कि आमजन को पानी के लिए किसी प्रकार की परेशानी हो इसके लिए दोनों विभाग गंभीर हो जाए अन्यथा कार्रवाई के लिए कलेक्टर को लिखा जाएगा। एडीएम गोयल ने कहा कि सड़क निर्माण कार्य के दौरान निश्चित रूप से लोगों को परेशानी हो रही है मगर यह समस्या अस्थाई है और जब कार्य पूरा हो जाएगा तो निश्चित रूप से लोगों को इसका फायदा मिलेगा।