- Hindi News
- तालीम से परिवार, समाज और देश की तरक्की में सहयोग : युनूस खान
तालीम से परिवार, समाज और देश की तरक्की में सहयोग : युनूस खान
तालीम से परिवार, समाज और देश की तरक्की में सहयोग : युनूस खान
शेरानीआबाद| कस्बे के मॉडल मदरसे आईशा सिद्दिकी में रविवार को मुख्यमंत्री मदरसा आधुनिकीकरण योजना जन सहयोग से बनाए गए सैयदा फातमा हॉल का उदघाटन सार्वजनिक निर्माण मंत्री युनूस खान ने किया। राजस्थान के मुफ्ती आजम शेर मोहम्मद खान रिजवी की सदारत में कार्यक्रम हुआ। लाडनूं के शहर काजी सैयद मोहम्मद अयूब के हाथों मुफ्ती आजम काबिना मंत्री ने फीता कटवाया। पीडब्ल्यूडी मंत्री युनूस खान ने कहा कि आज के वक्त में तालीम हर कौम के लिए जरूरी है। हर व्यक्ति अपने बच्चों को पढ़ाए और दीन के साथ दुनिया की तालीम दिलाए। उन्होंने कहा कि तालीम किसी एक कौम के लिए नहीं, बल्कि हर कौम के लिए जरूरी है। खान ने कहा कि आज तालीम हासिल करके हर मजहब धर्म के लोग आगे बढ़ेंगे तो परिवार और देश आगे बढ़ेगा। मुफ्ती आजम ने कहा कि हमारा देश सभी धर्म मजहब के लोगों का एक खूबसूरत बागीचा है। यहां पर हर धर्म मजहब के फूल खिलते हैं। उन्होंने कहा कि इस्लाम ने हमेशा से भाईचारे और मोहब्बत के साथ तालीम हासिल करने की सीख दी है। उन्होंने कहा कि मां की गोद से लेकर कब्रिस्तान पहुंचने तक इंसान को तालीम की जरूरत रहती है। इस मौके पर उन्होंने बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने की बात कही। मदरसा संरक्षक मौलाना हनीफ खां के काम की सराहना की गई। इस मौके पर अध्यक्ष इब्राहीम खां और अन्य लोगों ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम में सरपंच प्रतिनिधि हुसैन खां, पूर्व सरपंच शेर मोहम्मद जमाअत खाना सदर फाजिल हुसैन समेत भाजपा डीडवाना के पदाधिकारी कार्यकर्ता आदि मौजूद थे।
शेरानी आबाद। कस्बे में रविवार को बालिका मदरसे के भवन के उदघाटन समारोह के मौके पर सार्वजनिक निर्माण मंत्री युनुस खान, मुफ्ती आजम राजस्थान शेर मोहम्मद खान रिजवी, लाडनूं शहर काजी सैयद मोहम्मद अयूब, हाजी हुसैन खां अन्य अतिथि।