- Hindi News
- भाजपा मण्डल अध्यक्ष गोपीकिशन प्रजापति ने दिया त्यागपत्र
भाजपा मण्डल अध्यक्ष गोपीकिशन प्रजापति ने दिया त्यागपत्र
डीडवाना. नगरभाजपा मण्डल अध्यक्ष गोपीकिशन प्रजापति ने अपने पद से त्याग पत्र जिलाध्यक्ष को भेजते हुए पत्र की प्रति प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी क्षेत्र के विधायक पीडब्ल्यूडी मंत्री यूनुस खान को भेजी है। पत्र में लिखा कि रविवार को भाजपा कार्यालय में जिलाध्यक्ष रामचंद्र उत्ता की अध्यक्षता में शहरी ग्रामीण मण्डल की संयुक्त बैठक के दौरान अध्यक्ष द्वारा नए अध्यक्ष बनाए जाने की बात पर विशेष जोर दिए जाने एवं पार्टी कार्यकर्ताओं में निरन्तर बढ़ रहे असंतोष को देखते हुए नगर अध्यक्ष पद पर रहना मेरे लिए उचित नहीं है। उन्होंने त्याग पत्र में अप्रत्यक्ष रूप से जिलाध्यक्ष को ही जिम्मेदार ठहराते हुए लिखा कि जिला कार्यकारिणी बनाने के दौरान जिलाध्यक्ष ने मण्डल अध्यक्ष की राय नहीं ली। जिलाध्यक्ष के उपेक्षा पूर्ण व्यवहार से अध्यक्ष पद पर रहना मेरे स्वाभिमान का निरादर करना है, ऐसी स्थिति में अध्यक्ष पद पर रहना उचित नहीं है, इसे प्रभावी मानकर स्वीकार किया जाए। इस बारे में जिलाध्यक्ष रामचंद्र उत्ता का कहना है कि रविवार को पार्टी की बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में हुई थी। जहां तक अध्यक्षों के हटने की बात है, यह तो पूरे प्रदेश में संगठन स्तर पर बदलाव हो रहा है।छोटी-छोटी बातें होती रहती है। जहां तक कार्यकारिणी का सवाल है तो जिला स्तर पर डीडवाना से 7-8 लोगों को लिया गया है जिसमें मण्डल अध्यक्ष भी शामिल हैं। हां, यह जरूर है कि वे हर बात के लिए यह कहते हैं कि मुझसे पूछा जाए, तो यह सम्भव नहीं है, फिलहाल मेरे पास कोई इस्तीफा नहीं आया है, जब आएगा तो संगठन स्तर पर निर्णय लिया जाएगा।