- Hindi News
- रताऊ से युवक का अपहरण, गलत आदमी बताकर छोड़ा
रताऊ से युवक का अपहरण, गलत आदमी बताकर छोड़ा
लाडनूं . डीडवानाके चर्चित प्रकरण जीवणराम गोदारा हत्याकांड में तहसील के ग्राम रताऊ निवासी गवाह इंद्रचंद के अपहरण के मामले का अभी तक कोई खुलासा नहीं हुआ, इस बीच रताऊ से एक और व्यक्ति का अपहरण हो गया। इससे क्षेत्र के लोगों में गहरा रोष है।रताऊ निवासी रामप्रसाद बिड़ियासर (17) पुत्र जेठाराम जाट ने पुलिस को बताया कि वह अपने दादा की दवा लाने के लिए रताऊ के बस स्टैंड पर बस के इंतजार में खड़ा था कि रात के करीब नौ-सवा नौ बजे एक सफेद रंग की बोलेराे कैंपर गाड़ी आकर उसके पास रुकी। उससे सिलनवाद का रास्ता पूछा। अचानक उसे चार-पांच लोगों ने पकड़ कर अपनी गाड़ी में डाल लिया तथा मारते-पीटते वापस लाडनूं की ओर मोड़ कर ले गए। इनमें से एक जने ने अपना मोबाइल निकाल कर उसका चेहरा फोटो से मिलान किया और यह कहकर छोड़ दिया कि हम गलत आदमी का अपहरण करके ले आए। इन लोगों ने उससे सैमसंग मोबाइल तथा 2000 रुपए भी छीन लिए। जान से मारने की धमकी देकर उसे जीएसएस के पास चलती गाड़ी से पटक कर चले गए। जीएसएस के कर्मचारी प्रह्लाद प्रजापत ने उसके घर वालों को सूचना दी।थाना अधिकारी जाकिर अख्तर ने बताया कि अपहरण के मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। अभी तक कोई आरोपियों का सुराग नहीं लग पाया है।