हाउसिंग बोर्ड
एक्सटेंशन के लिए जारी की अस्थाई मेरिट
शिवाजी नगर डूंगरपुर में 45 मकानों के लिए अब निकाली जाएगी लॉटरी
डूंगरपुर। राजस्थानहाउसिंग बोर्ड ने शिवाजी नगर एक्सटेंशन के मकानों के लिए अस्थाई मेरिट जारी कर दी है। लंबे समय से सूची का इंतजार कर रहे लोग शनिवार को लिस्ट में अपना नाम ढूंढने के लिए बोर्ड कार्यालय पहुंचे। राजस्थान हाउसिंग बोर्ड ने चार माह पहले शिवाजी नगर के एक्सटेंशन में अल्प आय वर्ग एमआईजी दो कैटेगरी के मकानों के लिए आवेदन लिए थे। आवेदन बैंकों के मार्फत लिए गए थे, ऐसे में सूचियां भी उसी आधार पर जारी की गई है। इन लिस्टों में केवल फार्म सही अथवा अयोग्य ठहराए जाने की जानकारी है। योग्य आवेदनों को ही अब लॉटरी में शामिल किया जाएगा।
हाउसिंग बोर्ड की शिवाजी नगर कॉलोनी में बने हुए मकानों के बीच खाली पड़ी बेकार जमीनों का उपयोग नए मकान बनाने में होगा। इससे जहां उपलब्ध जमीनों पर नए मकान बनने से सरकारी खजाना बढ़ेगा, वहीं जमीन की कमी से रुके मकानों के नए निर्माण की बाधाएं भी दूर होंगी।
अस्थाई मेरिट लिस्ट में अपना नाम तलाशते आशार्थी।
अतिक्रमण से मिलेगी निजात
हाउसिंगबोर्ड की बेशकीमती जमीनों पर कई लोगों ने कब्जे जमा लिए हैं। लोगों ने मनमर्जी से उन पर पक्के निर्माण करवाकर या तो रहना शुरू कर दिया है या व्यवसाय कर रहे हैं। वहीं, कुछ लोगों ने ठेले लगाकर व्यवसाय भी जमा लिया है। इसी जमीन पर नए मकान बनने से अतिक्रमण की समस्या से भी निबटने में मदद मिलेगी।