युवा जुटे तो निखरने लगा कुरियाला दरवाजा
सिटीरिपोर्टर | डूंगरपुर
हमअगर तय कर लें कि शहर को स्वच्छ रखने में हमारी पहली भूमिका है तो चीजें बदली भी जा सकती हैं। रियासतकालीन इमारतों की सूरत बिगाड़ने में पोस्टरबाजों ने कोई कमी नहीं छोड़ी। पोस्टर और प्रचार माध्यमों के कारण शहर के ऐतिहासिक कुरियाला (जज साहब का दरवाजा) दरवाजा की दीवारें बदरंग हो गई थी।
भास्कर की पहल पर रश्मि संस्थान के युवाओं ने इन दीवारों से पोस्टर हटाए और साफ किया। सोमवार दोपहर को रश्मि संस्था के युवाओं ने शहर के तहसील चौराहा के पास कुरियाला दरवाजे पर लगे पोस्टरों और बैनरों को साफ कर दीवारों को पुरानी स्थिति में लाकर इसका गौरव लौटाने की पहल की है। इस कार्य में मौके पर वाहनों के आने-जाने की व्यवस्था ट्रैफिक पुलिस ने संभाली। वहीं, नगर परिषद के कार्मिकों ने भी इस कार्य में सहयोग किया। संस्थान से जुड़े युवा दर्शन दवे, विपिन कोटेड, लक्ष्मीलाल खोईवाल, विवेक पराशर, मयंक चौबीसा, पंकज रोत, विशाल उपाध्याय के अलावा वैभव सुथार, वसीम ने दीवारों से पोस्टर हटाने का काम किया। इसके साथ ही इन युवाओं ने पोस्टर के कचरे को एकत्रित करके कचरा पात्र में फेंका। इन युवाओं ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से भी शहर को साफ-सुथरा रखने में सहयोग की अपील की है। युवाओं ने भास्कर की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि शहरवासियों का भी दायित्व है कि वे अपने आसपास सफाई रखें, चाहे वह सरकारी संपत्ति ही क्यों हो।
पोस्टर हटाने और धुलाई के बाद रंगत में आया कुरियाला दरवाजा।
पानी से साफ कर दिया कुरियाला दरवाजा
कुरियालादरवाजा पर किए गए इस कार्य के दौरान ट्रैफिक पुलिस के नारायणलाल के सहयोग से जाम की स्थिति नहीं बनी। वहीं, नगर परिषद के रामसिंह ने सीढ़ियों का इंतजाम करावया। जिससे ऊंचाई पर लगे पोस्टर और बैनर को साफ किया गया। इसके बाद फायर ब्रिगेड के अधिकारी बाबूलाल चौधरी, वाहन चालक ईश्वरलाल और धुलेश्वर ने पानी से पूरे कुरियाला दरवाजे को साफ कर पोस्टर मुक्त कर दिया।
कुरियाला दरवाजा पर लगे पोस्टर को हटाते युवा नगर परिषद की ओर से की गई व्यवस्था के तहत दीवार की धुलाई करता कार्मिक।