- Hindi News
- सरकार पर लगाया टीएसपी क्षेत्र में विकास को अवरूद्ध करने आरोप
सरकार पर लगाया टीएसपी क्षेत्र में विकास को अवरूद्ध करने आरोप
डूंगरपुर। समानतामंच के संस्थापक संरक्षक दिग्विजयसिंह चुंडावत ने कहा कि भाजपा सरकार की ओर से टीएसपी क्षेत्र का दायरा बढ़ाने से क्षेत्र का विकास अवरूद्ध होगा। इस क्षेत्र के मूल निवासियों के विकास के लिए जो धन केंद्र से आता है अब अन्य क्षेत्रों के विकास में लगाया जाएगा। साथ ही टीएसपी क्षेत्र के बाहर रह रहे सामान्य वर्ग के हक और राजनीति को भी पूर्व की भांति खत्म करने का षड़यंत्र किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि टीएसपी क्षेत्र में स्थानीय लोगों को प्राथमिकता देना कांग्रेस शासन का ऐतिहासिक फैसला था। उसे भी भाजपा पूर्व की भांति खत्म करना चाहती है। मूल टीएसपी में गैर जनजाति और संपन्न औद्योगिक क्षेत्रों को इसमें शामिल कर यहां कि विकास योजनाओं और धन पर डाका डालने का प्रयास है। चुंडावत ने कहा कि टीएसपी क्षेत्र ने अब विकास की रफ्तार पकड़ी थी, लेकिन सरकार के इस निर्णय का असर इस क्षेत्र पर पड़ेगा और विकास रुकेगा। साथ ही टीएसपी क्षेत्र के सीमांकन में भी भेदभाव किया जा रहा है। डूंगरपुर-बांसवाड़ा को संपूर्ण रूप से इसमें शामिल कर सामान्य वर्ग को राजनीतिक रूप से पंगु बनाने का षड़यंत्र भाजपा सरकार कर रही है। सरकार यदि समय रहते इस फैसले में संशोधन नहीं करती है तो उप योजना क्षेत्र के समस्त वर्ग मिलकर अपने अधिकारों के लिए जन आंदोलन करेंगे।