- Hindi News
- मंदिर से बिजली कनेक्शन लेकर पार्षद करा रहे काम
मंदिर से बिजली कनेक्शन लेकर पार्षद करा रहे काम
हरीशमेहता उद्यान में बने शिवमंदिर से अवैध बिजली कनेक्शन लेकर भाजपाई पार्षद घर का काम करा रहे हैं। पार्षद नानूलाल पंवार के तीन मकानों का निर्माण गेपसागर झील के पास बनी भुवनेश्वर कॉलोनी में चल रहा है। यहां हरीश मेहता उद्यान बना हुआ है, जिसमें बने शिवालय के पास तीन मकान पार्षद के बन रहे हैं। मंदिर के पास बनी सड़क के दूसरी ओर बन रहे दो मकानों के लिए तो बिजली का कनेक्शन है, लेकिन इस ओर के लिए नहीं है।
मंदिर में गर्भगृह के बाहर लगे स्वीच से बिजली की लाइन खींची गई है। मंदिर के ठीक बाहर पार्षद के मकानों की निर्माण सामग्री पड़ी है। आरसीसी स्टील सरियों की कटाई के लिए मंदिर के ठीक बाहर कटर मशीन चलाई जा रही है। मंदिर से ली गई अवैध बिजली की लाइन से ही कटर मशीन चल रही है। काम कर रहे मजदूरों ठेकेदार मणिलाल ने बताया कि पार्षद के कहने पर कनेक्शन लिया गया था। पार्षद का कहना है कि वे बाहर थे और पीछे से मजदूरों ने मंदिर से लाइन खींच दी, जबकि दूसरी ओर बन रहे मकानों में बिजली कनेक्शन ले रखा है। जब उनसे कहा गया कि आपकी बात अधिकृत रूप से लिखनी है तो उन्होंने कहा कि अरे छोटे मोटे काम में क्या लिखना है, कोई बड़ा काम हो तो लिखों। समझ लेंगे। जो करना पड़े वो कर लेंगे, चुनाव रहे है, बड़ा माल बनाएंगे। कितना माल बनाएंगे, पूछने पर पार्षद ने कहा कि अरे देखो, कल मिलो, फिर करते हैं। इस प्रकार मामले को रफा-दफा करने के लिए उन्होंने प्रलोभन देने का प्रयास किया।
^लेबर ने मकान मालिक के कहने पर मंदिर से कनेक्शन लिया था। इसमें हमारा कोई लेना-देना नहीं है। हमने कहा भी था, लेकिन उन्होंने कहा कि मैं सब निबट लूंगा। मणिलाल,ठेकेदार