घर से उठनी थी बहन की डोली लेकिन निकला भाई का जनाजा
सीमलवाड़ा (डूंगरपुर)| एकघर में बहन की शादी हो रही थी। बारात के स्वागत में पूरा परिवार और रिश्तेदार लगे हुुुए थे, लेकिन भाई की मौत की सूचना से खुशियों के घर में मातम पसर गया।
फिलहाल शादी टाल दी गई है। पीठ कस्बे में एक मुस्लिम परिवार में बेटी की शादी की डोली उठने वाली थी, लेकिन घर से भाई का जनाजा निकला। मृतक अपने भाई बहनों में सबसे छोटा था। उसके 3 बड़े भाइयों की शादी हो चुकी थी, जबकि दो बहनों में से एक बहन की शादी हो गई थी। छोटी बहन की शादी होने वाली थी, जो अभी टल गई। वह स्वयं अविवाहित था।
धंबोला थाना क्षेत्र के पीठ निवासी मुस्तफा सुई (29) पुत्र मौलाना अयूब सुई का शव फरीदाबाद में नीलम फ्लाईओवर के पास संदिग्ध हालत में मिला। उसके जेब की तलाशी के दौरान पासपोर्ट मिला, जिसके आधार पर पुलिस ने स्थानीय परिजनों को सूचना दी थी। इसके बाद परिवार वहां गया और मुस्तफा सुई का शव पीठ में अपने घर लाया गया।
इधर, मृतक मुस्तफा की बहन अस्मा की शादी के लिए सीमलवाड़ा से पीठ में बारात आने वाली थी, लेकिन भाई की मौत होने से शादी स्थगित कर दी गई। परिवार के अनुसार मुस्तफा तीन साल पहले कुवैत में काम के लिए रहा था, जहां से पिछले साल स्वदेश लौट आया, लेकिन नई दिल्ली के एयरपोर्ट से घर आने की बजाय वह सीधे फरीदाबाद चला गया था, जहां किसी काम में लगा हुआ था। परिजनों को इसके बारे में सही सूचना दो महीने पहले ही मिली थी, इसके बाद से उसे घर बुलाने के कई प्रयास किए, लेकिन वह घर नहीं लौट पाया। आखिरकार उसका शव ही लौटा।