- Hindi News
- 6 घंटे बाद निकाला ट्रैक्टर के नीचे दबा शव
6 घंटे बाद निकाला ट्रैक्टर के नीचे दबा शव
डूंगरपुर। वाजेड़ासे पैदल जा रहे दो युवकों को एक ट्रैक्टर ने चपेट में ले लिया। दुर्घटना में ट्रैक्टर पलट गया और नीचे दबने से एक युवक की मौत हो गई। घायल युवक को रात को ही अस्पताल में भर्ती करवा दिया। लेकिन ट्रैक्टर के नीचे दबा शव रातभर पड़ा रहा। शुक्रवार को सुबह होने के बाद लोगों ने ट्रैक्टर को ऊंचाकर शव को बाहर निकाला। डूंगरपुर अस्पताल के मुर्दाघर में शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया है।
घटना गुरुवार रात 11 बजे कोटाणा गांव के पास हुई। मेताली ऊंची डूंगरी निवासी लक्ष्मण (38) पुत्र हुरजी कटारा और सुरेश पुत्र महेश कोटेड़ वाजेड़ा गांव से पैदल-पैदल अपने घर जा रहे थे। पीछे से एक ट्रैक्टर आया और दोनों को चपेट में ले लिया। इसके बाद ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। दुर्घटना में लक्ष्मण कटारा की ट्रैक्टर के नीचे दबने से मौके पर ही मौत हो गई। वहीं सुरेश कोटेड़ घायल हो गया। उसे डूंगरपुर अस्पताल में लाकर भर्ती करवाया गया। घटना के बाद आरोपी ट्रैक्टर चालक भाग गया।
घटना स्थल पर लोगों की भीड़ लग गई। सदर थानाधिकारी विनोद कुमार, लक्ष्मण कुमार, गंगाविशन, दयाराम, तेजाराम मौके पर गए और घटना स्थल देखा। अंधेरा होने से रातभर शव ट्रैक्टर के नीचे ही दबा रहा।
शुक्रवार को सुबह होते ही लोग आए और ट्रैक्टर को ऊंचा किया गया। इसके बाद शव को बाहर निकाला और डूंगरपुर अस्पताल के मुर्दाघर लेकर आए। डॉ. राजेश सरैया ने शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सुपुर्द कर दिया है।