अब सहकारी बैंकों में भी खाते खुलवाने के लिए चलेगा अभियान
डूंगरपुर| सहकारीविभाग के निर्देशानुसार जिले में सहकारी बैंक की शाखाओं में खाता खुलवाने केवायसी फार्म की पूर्ति के लिए 15 फरवरी से 19 मार्च तक प्रत्येक ग्राम पंचायत स्तर पर एक दिवसीय शिविर का आयोजन किया जाएगा और अभियान रूप में खाते खुलवाए जाएंगे।
विशेष अभियान की तैयारी के लिए मंगलवार को सेंट्रल कॉपरेटिव बैंक सभागार में प्रबंध निदेशक अनिमेश पुरोहित की अध्यक्षता में जिले के सहकारी बैंक के सभी शाखा प्रबन्धकों, गण पर्यवेक्षकों तथा लेम्पस व्यवस्थापकों की कार्यशाला हुई। जिसमें खाता खोलने एवं केवायसी दस्तावेजों की पूर्ति के लिए प्रत्येक ग्राम पंचायत स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार जन प्रतिनिधियों तथा स्थानीय प्रशासन से अपेक्षित सहयोग प्राप्त करते हुए शिविर में अधिकाधिक खाते खोले जाने के निर्देश दिए गए। पुरोहित ने बताया कि इन शिविरों में भामाशाह, मनरेगा, सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाऐं, छात्रवृति, जननी सुरक्षा योजना, अल्पकालीन फसली ऋण एवं आपदा राहत योजना के बचत खाते मौके पर ही खोले जावे शिविर का आयोजन लेम्पस मुख्यालय तथा ग्राम पंचायत के अटल सेवा केन्द्रों में सुबह 10 बजे से सायं 5 बजे तक होगा।
पुरोहित ने बताया कि शिविर के सफल आयोजन हेतु शाखावार 8 शिविर प्रभारी तथा प्रत्येक ग्राम पंचायत स्तर पर शिविर प्रतिनिधि लगाए गए है। कार्यशाला में बैंक के अध्यक्ष बद्रीनारायण शर्मा ने लेम्पस व्यवस्थापकों को इनके कार्यक्षेत्र में अधिक से अधिक लोगों के खाते शिविर में ही खोले जाने का आहवान किया। कार्यशाला में बैंक अधिकारी बापुलाल गर्ग, सोहनलाल जैन, प्रशान्त मेहता, कारीलाल कोटडिया, राजसिंह, हरीश पंड्या मौजूद थे।