संपर्क पोर्टल पर समस्याएं दर्ज नहीं हो रही, कलेक्टर नाराज
डूंगरपुर। कलक्टरइंद्रजीत सिंह ने जिले के समस्त ब्लॉक स्तरीय विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया है कि आमजन द्वारा उनको जनसुनवाई तथा आमदिनों में दी जाने वाली परिेवेदनाओं को राजस्थान संपर्क पोर्टल पर अपलोड करें ताकि उनकी प्रभावी मॉनिटरिंग करते हुए आमजन को पूरी-पूरी राहत दिलाई जा सके।
कलक्टर सिंह गुरुवार को जिला कलेक्ट्रेट परिसर में स्थित अटल सेवा केन्द्र में जिला स्तरीय विशेष जनसुनवाई और जन अभाव अभियोग एवं सतर्कता समिति की बैठक को संबोधित किया। उन्होंने विडियोकांफ्रेंसिंग के माध्यम से ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों से संवाद किया और उनके द्वारा राजस्थान संपर्क पोर्टल पर पंजीकरण की न्यून प्रगति पर नाराजगी जताई। समस्त उपखण्ड अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे उपखण्ड स्तरीय जनसुनवाई में आने वाली परिवेदनाओं को ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों को सौंपते हुए इन्हें अनिवार्य रूप से ऑनलाईन पोर्टल पर पंजीकरण करने के लिए पाबंद करें।
कलक्टर ने अधिकारियों को स्पष्ट किया कि आगामी मासिक बैठक में ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों द्वारा राजस्थान संपर्क पोर्टल पर परिवेदनाओं के दर्ज करने की प्रगति की समीक्षा की जाएगी और जिस ब्लॉक स्तरीय अधिकारी द्वारा एक भी परिेवेदना ऑनलाईन दर्ज करना नहीं पाया जाएगा, उसके विरूद्ध कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने समस्त उपखण्उ अधिकारियों को निर्देशित किया कि सोमवार की साप्ताहिक समीक्षा बैठक में राजस्थान संपर्क पोर्टल की समीक्षा को एक अनिवार्य स्थाई एजेंडा बना लें ताकि परिवेदनाओं के निस्तारण की कार्यवाही प्रभावी हो सके। बैठक दौरान जन अभाव एवं अभियोग सतर्कता समिति में पूर्व से पंजीकृत 10 प्रकरणों पर की गई कार्यवाही की भी समीक्षा की गई।
विशेष जनसुनवाई के दौरान परिवेदनाएं सुनते जिला कलेक्टर इंद्रजीत सिंह।