गामड़ी देवल में कलेक्टर की रात्रि चौपाल, ग्रामीणों ने बताई समस्याएं
डूंगरपुर। गमड़ीदेवल में कलेक्टर इंद्रजीत सिंह की रात्रि चौपाल हुई। उन्होंने कहा कि यह अभियान पूर्ण रूप से गांवों में पेयजल और सिंचाई संबंधित समस्याओं को ध्यान में रखकर तथा वर्षा दौरान व्यर्थ बहकर जाने वाले पानी को रोकने का अभियान है।
चौपाल में एसडीओ निकया गोहाएन, जिला परिषद सीईओ परशुराम धानका सहित समस्त विभागीय अधिकारी मौजूद थे। चौपाल दौरान कलक्टर सिंह ने युवाओं के कौशल उन्नयन की दृष्टि से राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं के बारे में बताया और राजस्थान आजीविका निगम के जिला प्रबंधक बीएल जोशी के नदारद रहने पर कलक्टर ने नाराजगी जताते हुए उन्हें नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
चौपाल में कलक्टर सिंह ने तसगी से ग्रामीणों की परिवेदनाएं सुनी और उनके निस्तारण के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों से जानकारी लेते हुए निर्देश प्रदान किए। चौपाल में ग्रामीणों ने गांव में मलेरिया के प्रकोप के बारे में जानकारी देते हुए दवाई के छिड़काव नहीं होने के बारे में जानकारी दी। इस पर उन्होंने ब्लॉक सीएमएचओ से जानकारी लेकर कार्यवाही के निर्देश दिए। इस दौरान ग्रामीणों ने गांव में नालियों को दुरस्त करवाने, पंचायत भूमि पर कियोस्क स्थापित करवाने, सब्जी मण्डी के लिए शेड निर्माण की अनुमति देने, खसरा नम्बर 252 की भूमि को अतिक्रमण मुक्त करवाने, खण्डहर भवन को गिरवाने, रोडवेज की बसें शुरू करवाने, पीएमजीएसवाई के तहत सड़क निर्माण करवाने, वंचित ढाणियों में विद्युतीकरण करवाने, विद्युत पोल हटवाने, पीएचसी स्वीकृत कराने सहित कई छोटीे बड़ी समस्याओं के निराकरण के लिए परिवेदनाएं सौंपी जिस पर कलक्टर ने संबंधित विभागीय अधिकारियों से जानकारी लेकर समाधान के निर्देश दिए।