- Hindi News
- प्रेमिका से छेड़छाड़ हुई तो कंडक्टर को पीटा और लूटा
प्रेमिका से छेड़छाड़ हुई तो कंडक्टर को पीटा और लूटा
डूंगरपुर प्रेमिकासे छेड़छाड़ होने से गुस्साए प्रेमी ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर रोडवेज कंडक्टर से मारपीट कर रुपए लूट लिए। घटना 20 दिन पहले की है, जिसमें जांच के बाद गुरुवार को कोतवाली पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनसे मामले में पूछताछ की जा रही है।
कोतवाली प्रभारी गजेंद्रसिंह राव ने बताया कि 21 नवंबर को हुई रोडवेज बस कंडक्टर से लूटपाट के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी माकरेड़ा रतनपुर निवासी सतीश पुत्र दलजी फलेजा, नवाडेरा निवासी प्रकाश पुत्र मगन खराड़ी, मांडवा नवाघरा निवासी विपिन पुत्र नानाजी हड़ात को गिरफ्तार किया है। लूट और मारपीट के आरोपर में पकड़े गए आरोपी से पूछताछ जारी है।
यह की थी लूट
21नवंबर की रात को राजसमंद रोडवेज डिपो के बस कंडक्डर महेंद्रसिंह भूकर से मारपीट कर 12 हजार रुपए और मोबाइल लूट की वारदात हुई थी। इसमें से 8 हजार 322 रुपए जयपुर से डूंगरपुर तक यात्रियों के किराए के थे, जबकि 4 हजार रुपए उसके खुद के बताए गए थे।
आरोपी ने यह बताया पूछताछ में
पकड़ेगए आरोपी सतीश ने पूछताछ में बताया कि वह और उसकी प्रेमिका 21 नवंबर को चित्तौड़गढ़ घूमने के लिए गए थे। उसी दिन शाम के समय चित्तौड़गढ़ से डूंगरपुर आने वाली रोडवेज बस में बैठे थे। उदयपुर में कंडक्टर ने उसकी प्रेमिका के साथ छेड़छाड़ की थी। डूंगरपुर आने के बाद सतीश ने अपने साथी प्रकाश और विपिन को बुलाया। इसके बाद चित्तौड़गढ़ के बस कंडक्टर को ढूंढते हुए राजसमंद रोडवेज बस के कंडक्टर के साथ मारपीट और लूट की वारदात की थी। इस मामले को लेकर पुलिस की विशेष टीम में शामिल एएसआई साकलचंद, कांस्टेबल प्रहलादसिंह, बलदेवसिंह, गजराजसिंह, सोहनलाल, नवीन इसकी पड़ताल में लगे थे।