एक साल में एक भी रोजगार नहीं : भगोरा
डूंगरपुर। पूर्वसांसद और कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव ताराचंद भगोरा ने कहा कि भाजपा सरकार सत्ता में आने के बाद अपने वादों को भूल गई है। सरकार ने अपने एक साल के कार्यकाल में एक व्यक्ति को भी रोजगार नहीं दिया। एक साल समीक्षा में ही निकाल दिया। ऐसे में भाजपा सरकार को जश्न मनाने का कोई अधिकार नहीं है। कांग्रेस 13 दिसंबर को काला दिवस के रूप में मनाएगी।
भगोरा ने बताया कि इस दिन कलेक्ट्री के बाहर धरना दिया जाएगा। डूंगरपुर के साबेला बाईपास को कांग्रेसराज में स्वीकृत किया गया, लेकिन भाजपा ने सत्ता में आते ही इस कार्य को रोक दिया और एक साल गुजर जाने के बाद भी यह काम शुरू नहीं हो पाया। कांग्रेसराज में स्वीकृत मेडिकल कॉलेज और रेललाइन के कार्य भी इस राज में अटक रहे हैं। ऐसे में वागड़ में विकास ठप है। सरकार ने एक साल में कार्यों की उपेक्षा ही की। एक साल में ही भाजपा का चरित्र जनता के सामने चुका है। पंचायतीराज चुनाव में जनता भाजपा को सबक सिखाते हुए भाजपा मुक्त पंचायतीराज बनाएगी।