इलाज में लापरवाही पर परिजनों का हंगामा
माड़ा गांव की एक युवती की अचानक तबीयत खराब होने पर उसे डूंगरपुर अस्पताल में लाकर भर्ती करवाया गया, लेकिन इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए परिजनों ने हंगामा कर दिया। करीब 20 मिनट बाद डॉक्टरों ने आकर युवती की जांच के बाद आईसीयू में भर्ती कर इलाज शुरू कर दिया।
घटना मंगलवार शाम को श्रीहरिदेव जोशी राजकीय अस्पताल में हुई। माड़ा निवासी सीमा (18 ) पुत्री थावरचंद लबाना की मंगलवार दोपहर 3 बजे अचानक तबीयत खराब हो गई और बोलचाल बंद हो गई। 108 एंबुलेंस से उसे जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टर को दिखाने के बाद मेडिकल वार्ड में भर्ती कर दिया गया। वार्ड में इलाज शुरू कर ड्रिप लगा दी। इस दौरान मरीज की हालत और भी खराब हो गई।
युवती के पिता थावरचंद लबाना, पन्नालाल लबाना, प्रवीण लबाना, भीखालाल लबाना, महेंद्र लबाना सहित कई लोगों ने आरोप लगाया कि सीमा की हालत खराब होने पर नर्सिंगकर्मियों को बुलाते रहे, लेकिन वे नहीं आए। एक नर्सिंगकर्मी ने तो परिजनों को बारात में आए हो क्या, कहते हुए वार्ड से ही निकालने का प्रयास किया। इस पर परिजनों ने हंगामा कर दिया। परिजनों ने इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया।
इधर, लोगों के हंगामे की सूचना के करीब 20 मिनट बाद पीएमओ डॉ. इस्माइल अन्य डॉक्टर आए। भर्ती सीमा की हालत गंभीर होने पर उसे आईसीसीयू में शिफ्ट कर लिया गया। इसके बाद पीएमओ के निर्देशन में ही युवती का इलाज शुरू कर दिया।
इसके बाद भी युवती के परिजन इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा करते रहे। सूचना पर कोतवाली थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।
डूंगरपुर। िजला अस्पताल में हंगामे के बाद आईसीयू में युवती का इलाज करते डॉक्टर। इस दौरान अस्पताल में कई लोग मौजूद थे।
डंूगरपुर। मंगलवार को डूंगरपुर जिला अस्पताल में युवती के इलाज में लापरवाही पर हंगामा करते परिजन।