बच्चों को बालश्रम से कराया मुक्त
डूंगरपुर। मुस्कानसंस्थान के सचिव भरत नागदा ने बताया कि संस्थान द्वारा संचालित चाइल्ड लाइन 1098 पर फोन आया कि शहर में दो अलग-अलग स्थानों पर बालश्रम कराया जा रहा है। जिसमें माणक चौक में दो बालकों को भंगार बिनवाकर बालश्रम करा रहे हैं एवं शहर के प्रतापनगर कॉलोनी में एक बिल्डिंग निर्माण कार्य में एक बालक और दो बालिकाओं से बालश्रम कराया जा रहा है।
कोतवाली पुलिस के दिनेश आैर गोविंद और चाइल्ड लाइन टीम के सदस्य भरत भट्ट, दिलीप जोशी, वैभव तिवारी, सोनू भट्ट मौके पर पहुंचे और बच्चों को मुक्त कराकर चाइल्ड लाइन मुख्यालय पर लाए। चाइल्ड लाइन समन्वयक यूरी मिश्रा के नेतृत्व में बालकों को अग्रिम कार्रवाई के लिए बालकल्याण समिति के अध्यक्ष मनोज शर्मा, सदस्य भरत नागदा, लीना शर्मा, प्रमोद भट्ट के समक्ष प्रस्तुत किया। बालकल्याण समिति ने नियोक्ता के विरुद्व कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए।