बडवाई तालाब विकास के लिए सर्वे शुरू
प्रवासीपक्षियों की आश्रय स्थली बन चुके बडवाई तालाब को पर्यटन पक्षी विहार केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए कार्य योजना शुरू हो गई है।
राज्य सरकार द्वारा इस तालाब को पर्यटन स्वरूप देने की कवायद के तहत कलेक्टर वेदप्रकाश के निर्देश के बाद दो दिन से कई विभागीय अधिकारियों कर्मचारियों ने तालाब पर पहुंच कर सर्वे कार्य शुरू किया। तालाब का लेवल सहित पर्यटन स्थल का रुप देने के लिए बनाए जाने वाले टापू, छतरियां अन्य के लिए स्थान चिन्हित किए। सिंचाई, वन विभाग अधिकारी कर्मचारियों ने दिनभर तालाब में उपकरणों के माध्यम से सर्वे की। ग्रामीणों से तालाब या पर्यटन स्थल के लिए किए जाने वाले कार्य में सहयोग देने की अपील की। इधर तालाब को पर्यटन स्थल के रुप में विकसित करने की कवायद शुरू होने पर ग्रामीणों ने दैनिक भास्कर की पहल की सराहना की। पूर्व सरपंच पूरणमल अहीर, पूर्व पंस सदस्य मिठूलाल प्रजापत, पूर्व उपसरपंच कमलाशंकर श्रीमाली, पुखराज त्रिवेदी, चक्र भवानी मंदिर मंडल अध्यक्ष बाबरुलाल मेनारिया, कोषाध्यक्ष विजयशंकर अहीर सहित ग्रामीणों ने सरकार द्वारा इस तालाब को विकसित करवाने के लिए प्रयास करने पर आभार जताया। दैनिक भास्कर ने इस संबंंध में समाचार प्रकाशित कर सरकार और प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया था।
डूंगला | बड़वाईतालाब विकास की कार्य योजना बनाने के लिए सर्वे करते हुए कर्मचारी।