- Hindi News
- पुलिस ने बांटी खाद की पर्चियां, फिर भी निराशा
पुलिस ने बांटी खाद की पर्चियां, फिर भी निराशा
दूनी| तहसीलक्षेत्र में दो माह से चल रही यूरिया खाद की किल्लत से परेशान किसानों ने रविवार को पुलिस थाने के सामने प्रदर्शन किया। बाद में पुलिस ने कड़ी सुरक्षा के बीच किसानों को एक-एक यूरिया खाद की पर्चियां दी गईं। खाद नहीं मिलने के कारण एक दर्जन गांवों के किसान दिनभर परेशान होकर निराश लौटे।
रविवार को घाड़ कस्बे के शर्मा एंड सन्स के यहां 300 कट्टे यूरिया खाद आने की जानकारी मिलते ही किसानों की भीड़ किसान डीलर की दुकान पर जमा हो गई। मामले को बढ़ता देख घाड़ थाने की पुलिस मौके पर पहुंची, जिसके बाद थाने में किसानों को खाद के लिए पर्चियां वितरित की गईं। कृषि विभाग के एईओ जगदीश जाट कृषि पर्यवेक्षक हेमराज चौधरी ने एक जमाबंदी पर एक किसान को एक-एक कट्टा वितरित किया। रविवार को सरोली मोड़ चौराहे पर आए एक ट्रक खाद का वितरण एएसआई शिवजीराम सैन की मौजूदगी में किया गया। खाद नहीं मिलने के कारण चंदवाड़, आकोड़िया, केदारा, ढिकरियाकलां, चारनेट, रंगबिलास, बालूंदा के किसान दिनभर खाद के लिए लाइन मे लगे रहे। कई किसानों ने बताया कि दिनभर खड़े रहने के बावजूद भी खाद नहीं मिल पाया। खाद नहीं मिलने के कारण किसानों को निराश लौटना पड़ा। किसानों ने खाद डीलरों पर खाद की कालाबाजारी का आरोप भी लगाया।
नासिरदा|उपतहसीलक्षेत्र की बीजवाड़ पंचायत में रविवार को नासिरदा सहायक कृषि अधिकारी महावीर शर्मा मालेड़ा, बीजवाड़, रतनुपरा ग्राम सेवकों की संयुक्त टीम ने टाक ट्रेडर्स के यहां 4 दिनों से पड़े 840 कट्टों को वितरण किया। प्रत्येक किसान को राशनकार्ड की प्रति दिखाने पर एक यूरिया बेग का वितरित किया गया।
बनेठा|उपतहसीलक्षेत्र में यूरिया खाद की कमी के कारण किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। किसानों को घंटों इंतजार करने के बाद भी केवल दो कट्टे ही खाद के मिल रहे हैं।
रविवार को बनास खाद बीज भण्डार की दुकान पर यूरिया खाद की 2 गाडियां पहुंचीं तो खाद की दुकान पर बड़ी संख्या में किसानों की भीड़ पहुंच गई। सहायक कृषि अधिकारी धनपाल मीणा, कृषि पर्यवेक्षक मुरलीधर सैनी ने थाने में काश्तकारों को जमीन की नकल से दो-दो कट्टे खाद के वितरित करवाए।
दूनी. थानेके सामने खाद के लिए पर्ची कटवाने के लिए लगी किसानों की भीड़।