पंप हाउस शिलान्यास का रास्ता साफ
राजमहल | पंपहाउस के लिए बनास नदी के समीप चिह्नित सिवाय चक भूमि पर किए अतिक्रमण को शनिवार दोपहर पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में हटाया गया। अतिक्रमणियों ने इसका विरोध भी किया, लेकिन अधिकारियों ने समझाइश कर उन्हें शांत कराया। रविवार को सांसद सुखबीर सिंह जौनापुरिया विधायक राजेंद्र गुर्जर यहां पंप हाउस का शिलान्यास करेंगे। राजमहल गांव में जलदाय विभाग की ओर से पेयजल सप्लाई के लिए 225 किलो लीटर क्षमता की टंकी, पंप हाउस, सीडब्ल्यूआर, पाइपलाइन दो ट्यूबवेल का निर्माण किया जाना है। इसके लिए चिह्नित जगह पर कुछ लोगों ने अतिक्रमण कर लिया था। जिसे हटाने के लिए गुरुवार को प्रशासन भी मौके पर गया था, लेकिन विरोध के कारण उन्हें कार्रवाई किए बिना लौटना पड़ा। निर्धारित पंप हाउस के रविवार को शिलान्यास कार्यक्रम को देखते हुए प्रशासन पुलिस जाब्ता शनिवार दोपहर जेसीबी मशीन लेकर मौके पर पहुंचा। पंप हाउस के लिए चिह्नित जगह से अतिक्रमण हटाया गया। मौके पर अतिक्रमण हटाने आए दल को अतिक्रमणियों के विरोध का समाना करना पड़ा, जिसे समझाइश कर शांत किया गया। इस दौरान दूनी थानाप्रभारी हरलाल गुर्जर, नायब तहसीलदार भजन लाल मीणा, गिरदावर सोहन लाल वर्मा, हल्का पटवारी पंकज जैन, जलदाय विभाग के कनिष्ठ अभियंता बृजगोपाल मीणा, पोल्याड़ा पुलिस चौकी प्रभारी बिरदी चंद मीणा मय पुलिस दल के मौजूद रहे। पंप हाउस के लिए चिह्नित जगह से अतिक्रमण हटाने के बाद अब रविवार को पंप हाउस का शिलान्यास दोपहर 12 बजे सांसद क्षेत्रीय विधायक करेंगे।
सांसद सुखबीर जौनपुरिया विधायक राजेंद्र गुर्जर रविवार को गांवड़ी में किसान सेवा केंद्र का लोकार्पण, विद्यालय के कक्षा कक्षों का भी शिलान्यास करेंगे।
राजमहल . पंपहाउस के लिए चिह्नित जगह पर किए अतिक्रमण को हटाते समय विरोध कर रहे अतिक्रमणियों को समझाते पटवारी।