कोटा के दवा व्यवसायी से 8 लाख की लूट
तीनधार-मंडावर मार्ग पर भंवरिया गांव के पास सोमवार रात में 9 बजे करीब कार से पीछा करके आए चार जनों ने कोटा के दवा व्यवसायी को कट्टा और चाकू से धमकाकर कलेक्शन के करीब 8 लाख रुपए, गाड़ी, अंगूठी और मोबाइल लूट लिए। इसके बाद वे उसकी आंखों पर पट्टी और दोनों हाथ पीछे बांध कर हाइवे के पास एक खेत में छोड़कर फरार हो गए। करीब एक घंटे बाद वारदात का पता चला। तब तक लुटेरे फरार हो गए। पुलिस ने चार टीम बनाई, लेकिन मंगलवार शाम तक कोई सफलता नहीं मिल पाई।
पुलिस के अनुसार कोटा आर्य समाज रोड निवासी गोपेश खत्री (44) पुत्र जीवनदास होलसेल दवा व्यवसायी है, जो क्षेत्र में दवा सप्लाई करते हैं। करीब पांच महीने के बाद वह कलेक्शन लेने के लिए गाड़ी से निकला था। वह रायपुर, अकलेरा, सारथल, असनावर से कलेक्शन लेकर तीन धार होते हुए मंडावर के लिए रवाना हुए था। जैसे ही उसका कार भंवरिया गांव के पास पहुंची ताे एक कार में सवार होकर आए चार जनों ने ओवरटेक करके गाड़ी आगे लगा। बाद में उसमें सवार एक बदमाश ने कट्टा और दूसरे ने उसके चाकू लगाकर धमकाया और दो अन्य ने गाड़ी के अंदर रखा रुपयों से भरा बेग और अटेची ले ली। इसके बाद बदमाशों ने उसका मोबाइल, अंगूठी और गाड़ी छीन ली। उसके दोनों हाथ कमर के पीछे और आंखों पर पट्टी बांध दी। इसके बाद मेगा हाइवे पर बांसघट्टी के पास ले जाकर एक खेत में छोड़कर फरार हो गए। करीब एक घंटे बाद बाइक से निकले दो ग्रामीण उसे देखकर रुके और उसे संभाला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी। दवा व्यवसायी से लूट का पता चलने पर एसपी समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दवा व्यवसायी की रिपोर्ट पर केस दर्ज कर लिया है।
चार टीमें बनाई
लुटेरोंका पता लगाने के लिए पुलिस प्रशासन ने चार टीमें बनाई हैं, लेकिन मंगलवार शाम तक इस मामले में कोई सफलता नहीं मिली है। खानपुर डीएसपी भोपालसिंह लखावत ने बताया कि लूट का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
केमिस्टएसोसिएशन का विरोध
झालावाड़केमिस्ट एसोसिएशन ने कोटा के दवा व्यवसायी से लूट के विरोध में एसपी को ज्ञापन दिया है। इसमें बदमाशों को शीघ्र गिरफ्तार करने की बात भी कही है। ज्ञापन देने वालों में एसोसिएशन के अध्यक्ष सुनील कुमार, सचिव अरुण शौरी समेत कई केमिस्ट शामिल थे।