भास्कर की खबर से वृद्ध के परिजनों तक पहुंची पुलिस
फालनाके मुख्य बाजार में तीन दिन पहले बेहोशी की हालत में मिले वृद्ध की मंगलवार को पहचान हो गई। वृद्ध रेलवे का कर्मचारी है, जो नासिक के भुसावल का रहने वाला है। दैनिक भास्कर में वृद्ध के बारे में खबर प्रकाशित होने के बाद पुलिस ने उसके परिजनों का पता लगाया और उनसे संपर्क किया। वे लोग बुधवार तक पाली के बांगड़ अस्पताल में पहुंच जाएंगे, जहां वृद्ध का उपचार चल रहा है।
उल्लेखनीय है कि गत 7 फरवरी को सुबह फालना मुख्य बाजार में बेहोशी की हालत में वृद्ध को पड़ा देख पुलिस ने उसे पाली के बांगड़ अस्पताल में भर्ती कराया है। बयान देने की स्थिति में नहीं होने के कारण उसकी शिनाख्त नहीं हो पाई थी।
मंगलवार को भास्कर में वृद्ध की फोटो समेत खबर प्रकाशित होने के बाद फालना के एक व्यापारी ने पुलिस को बताया कि उस वृद्ध ने शर्ट उतार कर दुकान के बाहर फेंका था। एएसआई सज्जनसिंह ने शर्ट में मिले आईडी कार्ड से छानबीन की तो पता चला कि वृद्ध सैय्यद सलीम पुत्र सैय्यद मदान नासिक के भुसावल का रहने वाला है। वह रेलवे में कर्मचारी है, जो 6 फरवरी को फालना पहुंचा था, लेकिन रात को अत्यधिक शराब पीने के कारण उसकी तबीयत खराब हो गई। ऐसे में वह स्टेशन के बाहर बाजार में ही सो गया, जिससे उसकी तबीयत ज्यादा खराब हो गई। पुलिस का कहना है कि उसके परिजनों को सूचना दे दी गई है, जो बुधवार तक पाली पहुंच जाएंगे।