5759 बेटियों को मिलेगा सम्मान, हर ब्लॉक में होगा कार्यक्रम
इसबार 12 फरवरी को बसंत पंचमी पर जिले की 5759 बेटियों को गार्गी और बालिका प्रोत्साहन पुरस्कार दिया जाएगा। शिक्षा विभाग ने सोमवार को हर ब्लॉक लेवल पर होने वाले सम्मान समारोह का कार्यक्रम तय कर दिया। इस बार जिला स्तर पर कार्यक्रम नहीं होगा।
डीईओ रेखाराम खीचड़ ने बताया कि जिले के हर ब्लॉक लेवल पर बेटियों के लिए सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। इसकी रूपरेखा तय कर दी है। सीकर शहर की 1403 बेटियों के लिए सम्मान समारोह आदर्श विद्या मंदिर सांवली रोड में होगा। सभी सम्मान समारोह सुबह 10 बजे से शुरू होंगे। इन छात्राओं को समारोह में आधार कार्ड भामाशाह आईडी की कॉपी भी लानी होगी। छात्राओं को अपने स्कूल या कॉलेज से निर्धारित प्रपत्र में आवेदन लाना होगा।
किस क्लास की कितनी छात्राओं को मिलेगा पुरस्कार : सैकंडरी2015 की 1771 और प्रवेशिका की चार छात्राओं को गार्गी पुरस्कार दिया जाएगा। जबकि सीसै विज्ञान की 1311, सीसै वाणिज्य की 199 और कला वर्ग की 1287 छात्राओं को बालिका प्रोत्साहन योजना के तहत पुरस्कार दिया जाएगा। वहीं वरिष्ठ उपाध्याय की दस छात्राओं को बंालिका प्रोत्साहन मिलेगा। इसी तरह सैकंडरी 2014 की 1174 और प्रवेशिका 2014 की तीन छात्राओं को गार्गी पुरस्कार की दूसरी किश्त दी जाएगी।
राज्यमें 68 हजार छात्राओं को मिलेगा पुरस्कार : राज्यकी 68 हजार 878 बालिकाओं को इस बार 26 करोड़ 53 लाख 4 हजार रुपए की राशि के पुरस्कार इसके तहत प्रदान किए जाएंगे। इनमें 10वीं कक्षा की 39 हजार 543 बालिकाओं को 11 करोड़ 86 लाख 29 हजार के गार्गी पुरस्कार से तथा 12वीं कक्षा की 29 हजार 335 बालिकाओं को 14 करोड़ 66 लाख 75 हजार रुपए राशि के बालिका प्रोत्साहन पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।