सीकर. शहर से अतिक्रमण हटाने के लिए नगर परिषद गंभीर नहीं है। कलेक्टर एलएन
सोनी के निर्देश पर बुधवार से परिषद ने कल्याण सर्किल से अतिक्रमण हटाने का अभियान चला दिया लेकिन हैरान करने वाली बात यह है कि परिषद के पास अतिक्रमण की सूची तक नहीं है। इसके लिए सर्वे तक नहीं कराया गया। शाम को अचानक परिषद अमला बाजार में अतिक्रमण हटाने के लिए पहुंच गया। टीम ने अस्थाई दुकानों के खोखे, पट्टियां हटा दी। आठ लोगों को अतिक्रमण हटाने के लिए नोटिस भी जारी किया गया है। परिषद की टीम के जाते ही इन लोगों ने फिर अतिक्रमण कर लिया।
जानकारी के अनुसार, परिषद की टीम ने कल्याण सर्किल से श्रमदान मार्ग तक का अस्थाई अतिक्रमण हटाया। होटल रेस्टोरेंट संचालकों ने सड़क तक जो सामान रख रखा था, उसे भी हटा दिया। ठेले भी हटाए गए। इस दौरान कुछ दुकानदारों से थोड़ी झड़प भी हुई। कुछ दुकानदारों से पॉलिथीन की थैलियां भी जब्त की गई। नगर परिषद आयुक्त राजेंद्र जोशी का कहना है कि कलेक्टर के निर्देश पर अतिक्रमण हटाने का अभियान शुरू किया गया है, यह जारी रहेगा।
नगरपरिषद सभापति जीवण खां ने बुधवार को फतेहपुर रोड का निरीक्षण किया। इस दौरान सड़क की खस्ता हालत सफाई नहीं होने के कारण सफाई निरीक्षक को फटकार भी लगाई। इधर, क्षेत्र के लोगों ने गुरुवार सुबह 11 बजे आमसभा बुलाई है। जिसमें फतेहपुर रोड स्थित रोशन टायर की दुकान पर पार्षद चांद खां मुगल के नेतृत्व में लोग एकत्रित होंगे। विरोध स्वरूप समस्याओं के समाधान के लिए कलेक्ट्रेट तक रैली निकाल कर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा जाएगा। उल्लेखनीय है कि दैनिक भास्कर ने कई बार खबर प्रकाशित कर फतेहपुर रोड की समस्याओं के बारे में जिला प्रशासन को अवगत कराया गया है।
यह हैं समस्याएं : जगह-जगह से टूटी रोड, रोड के दोनों साइड खुले पड़े नालें, बेतरतीब खड़े रहने वाले वाहन सहित सड़क के दोनों साइडों का काम अधूरा होने के कारण पूरी मिट्टी रोड पर जाने से आमजन को परेशानी।
प्रशासन के अभियान की गंभीरता बताने के लिए ये दो तस्वीर काफी हैं। कल्याणसर्किल पर सुबह कर्मचारी-अधिकारियों ने अतिक्रमण हटाया। शाम होते-होते फिर आम दिनों के हालात बन गए।