सीकर. मांके साथ ननिहाल आई तीन साल की मासूम को जीप से उतरते ही बेकाबू कार ने कुचल दिया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसा शनिवार शाम कटराथल के पास हुआ। दादिया पुलिस ने फिलहाल शव को एसके अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है।
थाने के एएसआई हरिसिंह ने बताया कि भोजदेसर फतेहपुर निवासी सुभाष जाट की पत्नी उसके साले हितेश्वर के साथ शनिवार शाम अपने पीहर कटराथल आई थी। ये लोग दिल्ली से यहां आए थे। कटराथल बस स्टैंड पर जब वे जीप से उतर रहे थे। तभी तेज गति से आई एक आईटेन कार ने अंशु को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मासूम बच्ची काफी दूर जाकर गिरी और कार उसे घसीट कर ले गई। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। आसपास के लोगों ने तुरंत ही इसकी सूचना दादिया थाने में दी। रविवार को पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
दिल्ली पुलिस में तैनात हैं पिता
अंशु के पिता सुभाष दिल्ली पुलिस में कांस्टेबल हैं और वह वहीं पर रहती थी। शनिवार को वह मां के साथ अपने ननिहाल आई थी। यहां जीप से उतरते ही कार ने उसकी जान ले ली।
कुछ ही पल में काफूर हो गई खुशियां
मासूम अंशु का उसके ननिहाल के लोग इंतजार कर रहे थे। वह काफी दिनों बाद यहां रही थी। उनकी खुशियां कुछ ही देर में काफूर हो गई। अंशु के उन तक पहुंचने से कुछ देर पहले ही उसकी मौत हो गई।