सीकर। भाजपा में एमएलए से लेकर एमपी को नए सिरे से पार्टी की सदस्यता लेनी होगी। ऑनलाइन सौ सदस्य बनाने वाले कार्यकर्ता और पदाधिकारी ही सक्रिय सदस्य बनाए जाएंगे। जिले को तीन लाख सदस्य बनाने का लक्ष्य मिला है।
भाजपा ने पंचायत चुनावों को ध्यान में रखते हुए इस बार सदस्यता अभियान पर ताकत झोंक रखी है। इसके लिए बाकायदा प्रदेश मुख्यालय से गाइड लाइन भी जारी हुई है। हर बूथ पालक को बूथ पर कम से कम 50-50 सदस्य बनाने का टारगेट दिया गया है। सदस्यता अभियान भी फरवरी तक पूरा करने का टारगेट रखा है। ताकि पंचायत चुनावों में इसका फायदा मिल सके। जिलाध्यक्ष झाबरसिंह खर्रा ने बताया कि पदाधिकारियों की जिम्मेदारी तय हो चुकी है। सभी कार्यकर्ताओं, पदाधिकारी और जनप्रतिनिधियों को सदस्यता रिन्यू करवानी होगी।
रणवां और भिंडा को अभियान की जिम्मेदारी
सदस्यता अभियान को सुचारू बनाए रखने के लिए जिम्मेदारी तय की गई है। पूर्व जिलाध्यक्ष हरिराम रणवां को सोशल मीडिया कैंपेन के जरिए सदस्य बनाने और फतेहपुर नगरपालिका अध्यक्ष मधू भिंडा को डोर टू डोर सदस्य बनाने की जिम्मेदारी दी गई है। इसके लिए मंडलवार पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी है।
इसलिए लाए ऑनलाइन सिस्टम : नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री तथा
अमित शाह के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद यह पहला सदस्यता अभियान है। अक्सर सदस्यता अभियान से जुड़े नेता अपने विरोधी खेमे के कार्यकर्ताओं को सदस्य नहीं बनाते थे। माना जा रहा है कि ऑनलाइन सिस्टम से ऐसी शिकायतों पर अंकुश लगेगा। कार्यकर्ता को पता चल जाएगा कि वह सदस्य बन गया है। अप्लाई करते ही आवेदक के पास एसएमएस आएगा।
यूं बनेंगे सक्रिय सदस्य : ऑनलाइन सदस्यता के लिए 18002662020 नंबर जारी किया है। कॉल करते ही पंजीयन हो जाएगा।
मोबाइल पर एक नंबर के साथ मैसेज मिलेगा। जिस पर नाम, पता, वोटर आईडी नंबर आदि सूचना मैसेज करनी होगी। फिर सदस्यता संख्या जारी होगी। ऐसे 100 सदस्यों का पंजीयन और सदस्य संख्या तय फॉरमेट में पार्टी कार्यालय भिजवाने वाले कार्यकर्ता को सक्रिय सदस्यता दी जाएगी।
नियुक्तियों में मिलेगा फायदा : पदाधिकारियों, मंडल कार्यकारिणी सहित अन्य पदों पर सक्रिय सदस्यों को भी मौका मिलेगा। पिछली कार्यकारिणी में जिलाध्यक्ष व मंडल अध्यक्षों की नियुक्ति सक्रिय सदस्यों ने मतदान के जरिए की।