सीकर. गारिंडा रोड पर हुई रमजान की हत्या के मामले में मंगलवार को एक और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी हिस्ट्रीशीटर आलम का दोस्त है। आलम ने उसके कहने पर ही रमजान की हत्या की थी। उसने अवैध संबंधों का बदला लेने के लिए हत्या करवाई थी।
डीएसपी भंवरलाल सिसोदिया ने बताया कि मामले में आलम के दोस्त सीकर निवासी अयूब को गिरफ्तार किया है। अयूब ने पूछताछ में कबूला है कि उसकी चाची से रमजान के अवैध संबंध थे। रमजान, आलम अयूब का भी दोस्त था।
ये नशे की गोलियां खाते थे। इस कारण अयूब को अवैध संबंधों की बात पता चल गई। उसके बाद से उसे ठिकाने लगाने की सोच रहा था। कुछ दिन पहले अयूब को पता चला कि रमजान के उसकी चचेरी बहन से भी संबंध हैं।
अयूब ने आलम को पूरी बात बताई और रमजान की हत्या करने के लिए कहा। अयूब, आलम का बचपन का दोस्त है और कई बार उसके बड़े काम कर चुका था। उधर उसको पैसों की जरूरत भी थी। पैसों और दोस्त का काम करने के लिए उसने हत्या करने की योजना बना ली।
घटना के दिन रमजान आलम लक्ष्मणगढ़ में किसी महिला के साथ गए थे। उसके घर पर कोई अतिथि होने के कारण वे बाइक लेकर फतेहपुर की तरफ चले गए। रास्ते में दोनों ने नशे की दवाई पी। गारिंडा रोड पर उसने रमजान से बाइक रोकने के लिए कहा और दोनों वहां पर बात करने लगे।
मौका पाकर आलम ने रमजान के पेट में चाकू मार दिया। उसने विरोध किया तो वह चाकू मारता रहा। आलम ने पुलिस को बताया कि हत्या के बाद वह झाड़ियों में छिपते हुए हाइवे तक आया। यहां उसने एक डंपर को रुकवाया। डंपर चालक ने उसे आगे बैठने को कहा। कपड़ों पर खून लगा होने से पीछे बैठा।