फतेहपुर। बिराणियां में कुंड में गिरे छह साल के बेटे को बचाने के प्रयास में मां भी अंदर गिर गई। इससे दोनों की मौत हो गई। बिराणियां में महेशकुमार का छह वर्षीय बेटा दीपक स्कूल से आया था। शाम को पांच बजे के करीब वह अपने घर के आंगन में बने कुंड में गिर गया। बेटे को गिरता देख मां ने उसे बचाने का प्रयास किया तो वह भी अंदर गिर गई। कुंड आठ फीट गहरा है। घर में कोई नहीं था।
महिला का पति व ससुर मस्कत में रहते हैं। सास गांव में ही किसी के घर गई हुई थी। सास घर आई तो उसने मां-बेटे को कुंड में पड़े देखा और शोर किया। बाद में आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। दीपक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी मां ने धानुका अस्पताल में दम तोड़ दिया। महिला की छोटी बहन भी इसी घर में उसके देवर से ब्याही है। देवर दिल्ली पुलिस में है। हादसे के समय मृतका की छोटी बहन अपने पीहर गई हुई थी। मृतका संगीता देवी के एक ही संतान थी। मृतका के पीहर पक्ष को घटना की जानकारी दे दी गई है। पोस्टमार्टम शुक्रवार को होगा।
मस्कत सामान भेजने के लिए गई हुई थी सास : हादसे के समय संगीता देवी की सास गांव में ही मस्कत में रहने वाले एक व्यक्ति के घर गई हुई थी। वह छ़ुट्टियां पूरी कर लौट रहा था और वह अपने पति व पुत्र के लिए उसे सामान देने के लिए गई थी, तभी हादसा हो गया।