- Hindi News
- शिक्षक अपने स्कूल में 85% अंक लाने वालों को देंगे ~3 लाख
शिक्षक अपने स्कूल में 85% अंक लाने वालों को देंगे ~3 लाख
संदीप हुड्डा | सीकर 9251641539
भींचरीगांव का आदर्श राजकीय माध्यमिक विद्यालय। करीब दो सौ छात्र संख्या वाले स्कूल के अध्यापकों ने प्रतिभावान विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के लिए अनूठी पहल की है। चार साल से खुद के वेतन से छात्रों को 50 हजार के पुरस्कार देने वाले अध्यापकों ने इस बार एक कदम और आगे बढ़ाया है।
स्कूल के स्टाफ ने घोषणा की है कि दसवीं में 85 प्रतिशत से ज्यादा अंक लाने वाले छात्रों को दो साल तक कुल तीन लाख रुपए दिए जाएंगे। रुपए स्टाफ एकत्रित करके देगा। यह पैसा उनकी 11 वीं 12 वीं की पढ़ाई पर खर्च किया जाएगा। भींचरी के आदर्श राजकीय माध्यमिक विद्यालय के स्टाफ की ओर से अब तक 70 फीसदी अंक लाने वाले छात्रों को 1100-1100 रुपए का इनाम दिया जा रहा था। वहीं 60 से 70 फीसदी के बीच वाले विद्यार्थियों को पांच-पांच सौ रुपए पांचवीं तक के गरीब बच्चों को प्रधानाध्यापक अपनी तरफ से स्वेटर वितरित करते थे। इस बार के गणतंत्र दिवस पर स्कूल के स्टाफ ने एकराय होकर घोषणा की है कि 85 फीसदी या इससे ज्यादा अंक लाने वाले छात्रों को तीन लाख का पैकेज दिया जाएगा।
सरकारी होने के बावजूद भींचरी के आदर्श राजकीय माध्यमिक स्कूल में बच्चों की पढ़ाई से कोई समझौता नहीं किया जाता।
स्कूल में 14 लोगों का स्टाफ है। प्रधानाध्यापक परमेश्वर दयाल के नेतृत्व में चंद्रभान, हरवीर सिंह, जवाहर सिंह, सुभाष कुमार काला, वीरेंद्र सिंह, रामगोपाल सैनी, सुभिता देवी, ताराचंद, सुभाष चंद्र, फारुक अली, युनूस अली, रामचंद्र डांगी, शिवपाल सिंह गढ़वाल आदि शिक्षक बच्चों के लिए पैसे जुटा रहे हैं। अगर एक से ज्यादा विद्यार्थियों के 85 फीसदी से ज्यादा अंक आएंगे तो सभी को तीन-तीन लाख रुपए दिए जाएंगे। शर्त यह है कि यह पैसा सिर्फ पढ़ाई पर ही खर्च किया जाएगा।
स्कूल के प्रधानाध्यापक परमेश्वर दयाल बताते हैं कि उनके स्कूल में निजी स्कूलों से बेहतर पढ़ाई होती है। बच्चों का पूरा ध्यान रखा जाता है। किसी किस्म की लापरवाही नहीं बरती जाती। उन्होंने इसीलिए इनाम देने का कदम उठाया है कि बच्चों का सरकारी स्कूलों से मोहभंग नहीं हो। वे चाहते हैं कि उनके स्कूल से भी डॉक्टर इंजीनियर प्रशासनिक सेवा में जाने वाले विद्यार्थी निकलें।
हरबार 100 फीसदी रिजल्ट दे रहा है स्कूल, 70 से 80 फीसदी के बीच भी आते हैं अंक |2013 कोछोड़ दिया जाए तो स्कूल का दसवीं का बोर्ड का रिजल्ट हर बार 100 फीसदी रहता है। इस साल के रिजल्ट में ही तीन विद्यार्थियों ने 70 से 80 फीसदी के बीच अंक प्राप्त किए थे। इन सबको 1100-1100 रुपए दिए गए हैं। इसके अलावा पांच बच्चों ने 60 से 70 फीसदी अंक प्राप्त किए थे। इनको भी पुरस्कृत किया।