- Hindi News
- गांव के व्यक्ति ने ही करवाई थी फतेहपुर के शिक्षक की हत्या
गांव के व्यक्ति ने ही करवाई थी फतेहपुर के शिक्षक की हत्या
परबतसरक्षेत्र में 31 अक्टूबर को फतेहपुर निवासी भावसिया स्कूल में शिक्षक राजेंद्र सिंह शेखावत की हत्या के मामले में नागौर पुलिस ने गोगामेड़ी (हनुमानगढ़) से सुक्खा गैंग के कृष्ण सिंह को गिरफ्तार किया है। उसने लाखों रुपए की डील कर हत्या की सुपारी ली थी। हत्या करवाने वाले शिक्षक के गांव के ही लोग थे। जिन्होंने पांच साल से आपसी रंजिश चलते सुपारी दी थी।
नागौर एसपी एचजी राघवेंद्र सुहासा ने गुरुवार को बताया कि फतेहपुर के ग्राम छोटी बलोद निवासी राजेन्द्र शेखावत परबतसर के ग्राम भावसिया में अध्यापक था। उनकी 31 अक्टूबर को कार में आए लोगों ने फायरिंग कर हत्या कर दी थी। इस मामले में राजेंद्र सिंह के पिता की रिपोर्ट पर परिवार से जुड़े कुछ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। मामले में परबतसर थानाधिकारी महेंद्र सिंह ने गोगामेड़ी से रतनगढ़ ठठावता गांव के कृष्ण सिंह पुत्र मदन सिंह को गिरफ्तार किया है। आरोपी सुक्खा गैंग का सदस्य है, गोगामेड़ी में वह अपने ननिहाल में छिपा था। सुक्खा गैंग हरियाणा, श्रीगंगानगर, बीकानेर, हनुमानगढ़ में सक्रिय है।
25दिन की जांच से पकड़ा आरोपी
पुलिसटीम 25 दिन से जांच में जुटी थी। रतनगढ़, चूरू, सीकर, झुंझुनूं और हरियाणा तक जांच की गई। कॉल ट्रेसिंग अन्य साइबर प्रणाली की मदद से पता चला कि हत्याकांड को अंजाम देने वाली सुक्खा गैंग के गुर्गे कृष्ण सिंह ने लाखों रुपए की सुपारी लेकर वारदात को अंजाम दिया था।