कलेक्टर की रात्रि चौपाल स्कूल को कम्प्यूटर दिए
भास्कर न्यूज | रामगढ़ शेखावाटी
पालासगांव में सोमवार को राजकीय आदर्श माध्यमिक स्कूल में कलेक्टर की रात्रि चौपाल जनसुनवाई हुई। कलेक्टर एलएन सोनी ने कहा कि ग्रामवासियों को आपसी सौहार्द बनाकर मेलजोल बनाए रखकर गांव के विकास के लिए सामूहिक रूप से कार्य करना चाहिए तथा गांव में साफ-सफाई, स्वच्छता बनाई रखनी चाहिए। कलेक्टर ने स्कूल को कम्प्यूटर, प्रिंटर, यूपीएस प्रदान किए। सीईओ कैलाश नारायण मीना ने बताया कि मनरेगा में खेतों का समतलीकरण कार्य कराया जा सकता है तथा मेड़बंदी भी की जा सकती है। सीईओ ने कहा कि इस गांव की 2000 की सर्वे सूची के अनुसार 742 घरों में शौचालय बन चुके हैं। शेष पात्र परिवारों को आवेदन करने पर 12 हजार रुपए की सहायता राशि स्वीकृत करा दी जाएगी। रात्रि चौपाल में फतेहपुर एसडीएम पुष्कर राज शर्मा, तहसीलदार अनीता धेतरवाल, बीडीओ विक्रम सिंह राठौड़, प्रभारी अधिकारी राकेश लाटा, पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक जीएल लूणियां, जिला रोजगार अधिकारी चैन सिंह शेखावत, आर्थिक एवं सांख्यिकी सहायक निदेशक अरविंद सामौर, डीईओ रेखाराम खीचड़ एसडी माथुर आदि मौजूद थे।