जांच अधिकारी को सौंपे गोलियों के खोल
खंडारप्रधान चुनाव के दौरान कस्बे में हुई गोलीबारी पथराव की घटना के मामले में बुधवार को जांच अधिकारी शरद चौधरी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गंगापुर सिटी ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया तथा घटना के संबंध में लोगों से जानकारी ली गई।
जांच अधिकारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गंगापुर सिटी शरद चौधरी अपनी टीम के साथ करीब डेढ़ बजे सबसे पहले खंडार-सवाईमाधोपुर मार्ग पर नहर के पास पहुंचे तथा घटना के संबंध में लोगों से काफी देर तक बातचीत की गई। इसके बाद जांच अधिकारी कस्बे की तरफ रवाना हुए। इस दौरान जांच अधिकारी ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के सामने, व्यस्ततम शुक्ला तिराहे, नायपुर तिराहे, पंचायत समिति कार्यालय परिसर, बालेर मार्ग आदि स्थानों पर पहुंचकर घटना स्थल का जायजा लिया तथा घटना के संबंध प्रत्यक्षदर्शी दुकानदारों सहित अन्य लोगों से पूछताछ की गई। इस दौरान लोगों ने इस घटना को लेकर पुलिस के खिलाफ भारी रोष प्रकट किया तथा पुलिस द्वारा चलाई गई गोलियों के खोल भी मौके पर जांच अधिकारी को बताए गए।