सेना भर्ती रैली की तैयारी के निर्देश
जिलामुख्यालय स्थित पुलिस लाइन मैदान में सवाई माधोपुर जिले के अभ्यर्थियों के लिए 8 से 10 अक्टूबर तक सेना भर्ती रैली आयोजित की जाएगी, जिसकी तैयारी के बारे में कलेक्टर पूनम की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक हुई। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी तथा उन्हें समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। इसके अलावा बैरिकेडिंग, चिकित्सा एवं पेयजल व्यवस्था, अग्निशमन के प्रबंध करने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक सवाई सिंह गोदारा ने भर्ती रैली में आने वाले अभ्यर्थियों के लिए आवागमन के लिए पर्याप्त बसों की व्यवस्था करने तथा भर्ती स्थल पर पर्याप्त सीसी टीवी कैमरे लगाने पर जोर दिया। बैठक में कर्नल एस.के. शर्मा ने बताया कि 8 अक्टूबर को जिले की 5 तहसीलों (सवाई माधोपुर, खण्डार, चौथ का बरवाड़ा, मलारना डूंगर एवं बौंली) के अभ्यर्थियों की भर्ती के लिए दौड़ होगी। इसी प्रकार 9 अक्टूबर को बामनवास, गंगापुर सिटी एवं वजीरपुर तहसील के अभ्यर्थियों की भर्ती के लिये दौड़ का आयोजन किया जाएगा। इसमें भाग लेने वाले अभ्यर्थियों को प्रातः 4 से 8:30 बजे तक उपस्थित होना अनिवार्य है।
उन्होंने बताया कि दौड़ के बाद चयनित अभ्यर्थियों का मेडिकल किया जाएगा। सफल अभ्यर्थियों की लिखित परीक्षा 26 अक्टूबर को अलवर में होगी। भर्ती के इच्छुक अभ्यर्थी 29 एवं 30 सितम्बर को सम्बन्धित तहसील कार्यालय से भर्ती टोकन प्राप्त कर सकेंगे। बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर ईश्वर सिंह राठौड़ सहित सानिवि, नगर परिषद, खेल, शिक्षा, चिकित्सा, परिवहन, जलदाय एवं विद्युत आदि विभागों के अधिकारी मौजूद थे। बैठक के बाद अतिरिक्त जिला कलेक्टर एवं सेना के अधिकारियों ने पुलिस लाइन मैदान का निरीक्षण कर बेरिकेडिंग एवं टेंट आदि की व्यवस्थाओं के संबंध में नगर परिषद एवं सानिवि के अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए।
बाजारसे गुजरते हैं वाहन
भगवतगढ़ | कस्बेके मुख्य बाजार से बजरी से भरे ट्रैक्टर ट्रालियों एवं ओवरलोड वाहनों के गुजरने से राहगीरों एवं दुकानदारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गांव के लोगों ने इस संबंध में एसपी को पत्र भेजकर ओवर लोड वाहनों के मुख्य बाजार से निकलने के बजाय बाईपास से निकलवाया जाए।