- Hindi News
- पूर्व विधायक की गाड़ी पर पथराव, शीशे तोड़े
पूर्व विधायक की गाड़ी पर पथराव, शीशे तोड़े
कासं. | गंगापुर सिटी/बामनवास
बामनवासपंचायत समिति के उप प्रधान के चुनाव के दौरान कुछ लोगों ने पूर्व विधायक की गाड़ी पर पथराव कर दिया। पथराव में गाड़ी के शीशे टूट गए। घटना के बाद तनाव के हालात बन गए, लेकिन मौके पर पहुंची पुलिस ने उपद्रवियों को हल्का बल प्रयोग कर खदेड़ दिया।
उप प्रधान पद को लेकर कांग्रेस पार्टी के भीतर पहले से ही गतिरोध बना हुआ था, हालांकि पार्टी के पास स्पष्ट बहुमत था। रविवार को कांग्रेस की तरफ से रामहंस मीणा और आशा मीणा ने निर्दलीय के रूप में नामांकन दाखिल किया।
दोनों के नामांकन जांच में सही पाए गए और नाम वापसी की अंतिम समय सीमा समाप्त होने के बाद भी जब दोनों में से किसी ने नाम वापस नहीं लिया तो मतदान होना तय हो गया। दोपहर तीन बजे के बाद कांग्रेस के पूर्व विधायक नवल किशोर मीणा के साथ कांग्रेस सदस्य मतदान के लिए पंचायत समिति रहे थे। कांग्रेस सदस्यों के साथ दर्जनों गाडिय़ों का काफिला था जिसकी अगुवाई पूर्व विधायक मीणा कर रहे थे।
कांग्रेसियों का काफिला सराय मोड़ पार कर जैसे ही सेड़ माता तिराहे के पास पहुंचा तो सड़क के किनारे खड़े कुछ युवकों ने जिस गाड़ी में पूर्व विधायक सवार थे, उस पर पत्थर फेंके। पथराव में गाड़ी के ड्राइवर की तरफ का शीशा चकनाचूर हो गया और ड्राइवर को चोटें आईं।
काफिले में शामिल लोगों ने पथराव करने वालों को पकड़ने का प्रयास किया लेकिन दोनों पक्ष आमने सामने हो पाते इससे पहले ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और हल्का बल प्रयोग कर लोगों को मौके से खदेड़ दिया। इसके बाद सभी सदस्य पंचायत समिति कार्यालय पहुंचे जहां उन्होंने मतदान किया।
गंगापुर सिटी. उपप्रधान के निर्वाचित होने पर जीत का जश्न मनाते कांग्रेसी।