भीलवाड़ा। प्रतापनगर थानांतर्गत आजाद नगर बी सेक्टर में मंगलवार को ज्वैलर के घर में दिनदहाड़े चोर तिजोरी से छह किलो चांदी, 350 ग्राम सोने के आभूषण एवं बिस्किट आदि चुरा ले गए। चोरों ने भ्रम फैलाने के लिए बाथरूम के नल खोल दिए, जिससे पाइप से पानी बाहर नालियों में आता रहा, ताकि लोगों को घर का ताला खुला होने पर भी परिवार के ही किसी सदस्य की अंदर मौजूदगी महसूस हो। पुलिस के अनुसार, ज्वैलर जगदीशचंद्र स्वर्णकार अपने परिवार के साथ पैतृक गांव महेंद्रगढ़ (गंगापुर) दादाजी का
श्राद्ध करने सोमवार को गए थे।
मंगलवार सुबह यह वारदात हुई। जानकारी पर मंगलवार दोपहर जगदीश अपने परिवार के साथ अपने घर पहुंच गए। देखा तो वहां दो कमरों में सारा सामान फैला हुआ था। तिजोरी में रखे आभूषण एवं नकदी गायब थी। थानाधिकारी रामावतार सहित पुलिसकर्मी वारदात स्थल पर पहुंचे। थानाधिकारी ने बताया कि करीब 12 लाख रुपए के आभूषण एवं सामग्री चोरी हुई है।
तिजोरी की चाबी घर में छोड़ गए : ताला तोड़कर घर में घुसे चोरों ने आगे वारदात को आसानी से अंजाम दिया। घर का सारा सामान फैलाने के दौरान उनके हाथ तिजोरी की चाबी लग गई। ताला खोलकर सारे आभूषण नकदी पर हाथ साफ कर लिया।
ये आभूषण एवं सामग्री हुए चोरी : ज्वैलर जगदीश ने बताया कि सोने का 110 ग्राम का बिस्किट, एक गलहार, तीन चेन, दो ब्रेसलेट एवं चांदी की एक-एक किलो की चार सिल्लियां दो किलोग्राम की करीब 10 पायल, 75 हजार रुपए चोरी गए हैं।
हार्डडिस्क,मोबाइल भी ले उड़े : चोर आभूषण नकदी के अलावा कम्प्यूटर हार्ड डिस्क सैकड़ों फिल्मी गानों भरा मेमोरी कार्ड एवं मोबाइल फोन भी ले उड़े। वारदात से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
सुबह पौने दस बजे दरवाजे पर ताला : पड़ोसियों के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब पौने दस बजे मुख्य दरवाजे का ताला बंद था, लेकिन 11 बजे वहां ताला नहीं था। बाथरूम का पानी बाहर बह रहा था, लेकिन न्यूज पेपर दरवाजे के बाहर निकला हुआ था। ऐसे में लोगों का शक हुआ। आवाज लगाई तो रिप्लाई नहीं आया। उन्होंने घर मालिक जगदीश को फोन किया कि आप कहां हैं। पता लगा कि घर पर किसी को नहीं छोड़ा है तो अंदर जाने पर दूसरे दरवाजे का ताला खुला पाया गया। सूचना मिलने पर जगदीश अपने परिवार सहित भीलवाड़ा लौटे।
(भीलवाड़ा. जगदीश सोनी के मकान में हुई चोरी के बाद तिजोरी से फिंगर प्रिंट लेता एमओबी टीम का अधिकारी।)