बस्सी बांध में डूबा युवक
बस्सीबांध में रविवार दोपहर बाद नहाते समय एक युवक पैर फिसलने से गहरे पानी में चला गया और उसकी मौत हो गई। मृतक भीलवाड़ा का था, जो अपने चार साथियों के साथ बांध पर घूमने आया था।
बांध छलकने के बाद रपट चलने से रविवार दिनभर लोगों की आवाजाही चल रही थी। लोग रपट के पास नहा रहे थे। इस दौरान एक युवक गहरे पानी में डूब गया। इधर, बांध में युवक के डूबने की सूचना पर बस्सी थाना प्रभारी गजसिंह एएसआई श्यामलाल मय जाब्ता मौके पर पहुंचे। गोताखोरों स्थानीय युवकों की सहायता से दो घंटे की मशक्कत के बाद शाम करीब पौने सात बजे इस युवक की लाश को पानी से बाहर निकाल लिया गया। युवक चट्टानों के बीच फंस गया था। मृत युवक की शिनाख्त भीलवाड़ा निवासी जुबेर (20) पुत्र जाकिर हुसैन के रूप में की गई। बताया गया कि जुबेर समेत उसके साथी मोसिन खान, राजा खान दो बाइक पर रविवार को बस्सी बांध पर घूमने आए थे। यहां चारों बांध की रपट के पास नहा रहे थे। इस दौरान चारों बह गए। लोगों ने तीन युवकों को निकाल लिया। जबकि जुबेर गहरे पानी में चला गया। लाश को बस्सी अस्पताल लाया गया। मृतक समेत अन्य युवकों के परिजन भी भीलवाड़ा से यहां पहुंचे।
बस्सी | कस्बेके टूकड़ामाता बांध में रविवार दोपहर युवक के डूबने के बाद मौके पर जमा लोग।
कुएं में गिरने से बालिका की मौत
गंगरार. थाना क्षेत्र के कुंवालिया गांव में रविवार को तीन वर्षीय एक बालिका बिना मुंडेर के कुएं में गिर गई, जिससे उसकी मौत हो गई। सीआई कैलाशचंद्र खटीक के अनुसार कुंवालिया गांव में तीन वर्षीय बालिका रिंकू पुत्री भीमराज बैरवा कुएं के पास खेल रही थी। इस दौरान वह बिना मुंडेर के कुएं में जा गिरी, जिससे उसकी मौत हो गई। लाश को निकालकर गंगरार अस्पताल पहुंचाया गया। वहां पोस्टमार्टम करवाया गया।