तेजाजी के जीवन से प्रेरणा लंे : जाट
मनुष्यकी कथनी और करनी में अंतर नहीं होना चाहिए, हमें वीर तेजाजी के जीवन से प्रेरणा लेनी चाहिए जिन्होंने अपना वादा निभाते हुए घायल अवस्था में भी नाग देवता के समक्ष उपस्थित हुए।
उक्त विचार डेयरी चेयरमैन बद्रीलाल जाट ने इंदौरा में तेजाजी की प्राण प्रतिष्ठा एवं कलश यात्रा में आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि पद से संबोधित करते हुए व्यक्त किए। उन्होंने किसानों से आह्वान किया वे अपने बच्चों को पढ़ने अवश्य भेजें क्योंकि अज्ञानता के कारण सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाने से वंचित रह जाते है। जाट ने इस अवसर पर किसानों को दूध की कीमत बढ़ाने का भी आश्वासन दिया। समारोह में मंडल अध्यक्ष सत्यनारायण मेनारिया, पूर्व किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष देवीसिंह राणावत ने भी संबोधित किया। अतिथियों का स्वागत पंचायत समिति सदस्य मोती लाल अहीर एवं वार्डपंच बंशीलाल अहीर ने किया। इससे पूर्व 165 महिलाओं द्वारा दशा माता व्रत उद्यापन के उपलक्ष में एवं मूर्ति स्थापना को लेकर कलश यात्रा का आयोजन किया गया। इंदौरा में तेजाजी की मूर्ति स्थापना पूर्ण विधि विधान एवं मंत्रोचार के साथ की गई। इससे पूर्व बुधवार को नगर के मुख्य मार्गो से कलश यात्रा निकाली। यात्रा में डीजे साउंड की मधुर स्वर लहरियों पर महिलाएं एवं पुरुष नाचते हुए चल रहे थे। यात्रा के दौरान बजरंग बाल अखाड़ा के पहलवानों द्वारा हैरतअंगेज करतब दिखाते हुए अखाड़ा प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने पुष्पवर्षा गुलाल उड़ाकर यात्रा का स्वागत किया। समारोह में महामंत्री ज्योतिष पुरोहित, राजेंद्र शर्मा, सरपंच रतन जाट, अर्जुनलाल अहीर, बंशी लाल अहीर, गिरधर व्यास, महावीर शर्मा आदि उपस्थित थे।
गंगरार | दशामाताव्रत उद्यापन पर निकली कलश यात्रा में शामिल महिलाएं।