बांसवाड़ा। बांसवाड़ा से बेणेश्वर वाया मोटाटांडा लोहारिया मार्ग की सड़क 18 फरवरी से पहले किसी भी हालत में सुधारी जाएं। साथ ही बेणेश्वरधाम परिसर में बेरिकेडिंग भी लगाई जाएं।
जिला कलेक्टर प्रकाश राजपुरोहित ने गुरुवार को बेणेश्वर मेले से संबंधित आयोजित बैठक में संबंधित विभाग के अधिकारियों को दिए। कलेक्टर ने घाटोल एसडीओ पीडब्ल्यूडी घाटोल के एक्सईन को बांसवाड़ा से बेणेश्वर वाया मोटाटांडा लोहारिया मार्ग की सड़क मरम्मत दुरुस्ती का कार्य करने को कहा। साथ ही मेलास्थल पर बेरिकेडिंग लगाने के लिए पीडब्ल्यूडी को निर्देश दिए। बेणेश्वरधाम पर 18 से 22 फरवरी तक मेला भरेगा जिसमें देश विदेश के हजारों पर्यटक आते हैं।
इसी प्रकार ग्राम पंचायत बिछीवाड़ा को मेला स्थल पर कम से कम 6 टेंकर पानी की व्यवस्था करने, मेला स्थल पर आवंटित दुकानों पर कचरा पात्र रखने के लिए दुकानदारों को पंचायत स्तर पर पाबंद करने, मेला स्थल पर निर्बाध रूप से बिजली आपूर्ति करने, मांग अनुसार अस्थाई बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराने के लिए बिजली निगम के एईएन घाटोल जनरेटर की व्यवस्था के लिए पंचायत समिति घाटोल, सीएमएचओ व् आयुर्वेद अधिकारी को मेला स्थल पर चिकित्सा दल मय एम्बुलेन्स भिजवाने, दवाइयों का स्टॉक रखने, 24 घंटे चिकित्सा सेवाएं देने, एसडीओ घाटोल को मेला स्थल पर पॉलिथीन की थैलियाें का उपयोग नहीं करने, माही परियोजना के एक्सईएन को नदी में गंदगी को साफ करने के लिए पानी छोड़ने, सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने,
मेले में यात्रियों की सुविधा के लिए 25 बसें लगाने, ओवरलोडिंग की रोकथाम के लिए उचित व्यवस्था करने के लिए परिवहन अधिकारी बांसवाड़ा, फायर ब्रिगेड के लिए नगर परिषद के आयुक्त, मेला स्थल पर केरासिन की व्यवस्था के लिए जिला रसद अधिकारी, जानवरों से सुरक्षा के लिए वन विभाग को, मेला स्थल पर मेले के दौरान शराब की बिक्री पर रोक लगाने के लिए जिला आबकारी अधिकारी, नावों की व्यवस्था के लिए मत्स्य विभाग विकास अधिकारी घाटोल गोताखोरों की सूची तैयार रखने के लिए बांसवाड़ा एसपी, मेले में कानून व्यवस्था के लिए घाटोल एसडीओ को मेला मजिस्ट्रेट, घाटोल बीडीओ को सहायक मेला मजिस्ट्रेट बनाया गया है। इसके अलावा एसपी को मेलास्थल पर यातायात व्यवस्था के लिए पुलिस जाब्ता तैनात करने को भी कहा है।