पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • विधायक निनामा पलटे, अब कहा इस्तीफे से पहले मुख्यमंत्री और प्रदेशाध्यक्ष से मिलूंगा

विधायक निनामा पलटे, अब कहा - इस्तीफे से पहले मुख्यमंत्री और प्रदेशाध्यक्ष से मिलूंगा

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
पॉलिटिकल रिपोर्टर | बांसवाड़ा

जनसंघके जमाने के नेता और वरिष्ठ विधायक नवनीतलाल निनामा ने कहा कि वे पार्टी में अपनी अहमियत जानकर इस्तीफा देंगे। वे पहले मुख्यमंत्री और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष से मिलेंगे, जिनसे मिले जवाब के आधार पर अपना त्यागपत्र देंगे।

विदित रहे, दो माह पहले विधायक नवनीतलाल निनामा ने कहा था कि यदि सांसद मानशंकर निनामा की शह पर भाजपा में हरेंद्र को प्रधान बनाया तो वे त्यागपत्र दे देंगे। अब हरेंद्र निनामा शनिवार को प्रधान बन गए हैं। ऐसे में अपने इस्तीफे के बारे में पूछने पर उन्होंने कुछ समय बाद निर्णय करने की बात कही है। पिछले कुछ अर्से से भाजपा में अपनी घटती पूछ-परख को लेकर वरिष्ठ विधायक पार्टी नेताओं से खफा चल रहे हैं। घाटोल में भाजपा के हरेंद्र निनामा को आगे बढ़ाने पर वे पार्टी नेता और सांसद की खिलाफत कर चुके हैं। वे लक्ष्मण नामक कार्यकर्ता को प्रधान बनाना चाहते थे, लेकिन नेताओं ने बुजुर्ग विधायक की एक नहीं सुनी।

शनिवार रात भास्कर से बातचीत में उन्होंंने स्पष्ट रूप से कहा कि मौजूदा सांसद मानशंकर निनामा भाजपा से बगावत कर चुके हैं, जिन्हें पार्टी से निकाला और वापस उन्हें चुनाव लड़वाकर सांसद बना दिया। वहीं इस बार हरेंद्र निनामा ने खुद को काफी पहले से प्रधान का उम्मीदवार घोषित कर दिया। ऐसे में इन बातों का असर पार्टी के अनुशासन पर पड़ना ही मेरी नाराजगी का खास कारण है। पार्टी का हमेशा से कायदा रहा है कि पार्टी का निशान ही उसका नेता होता है। फिर भी मैंने जब हरेंद्र निनामा को प्रधान बनाए जाने पर पूर्व में भाजपा की प्राथमिक सदस्यता से त्यागपत्र देने की बात कही थी। जिलाध्यक्ष मनोहर पटेल, पूर्व जिलाध्यक्ष ओमपालीवाल और उपाध्यक्ष योगेश जोशी ने मुझसे बातकर नाराजगी दूर करने और सहयोग करने की बात कही थी। जिस पर मैं चुनाव होने तक चुप रहा, जबकि मैंने लक्ष्मण नामक कार्यकर्ता को प्रधान बनाने की बात रखी थी। उन्होंने बताया कि अब जब हरेंद्र निनामा घाटोल पंचायत समिति के प्रधान बन चुके हैं, तो अब वे शीघ्र ही भाजपा प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी और मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे से मिलेंगे और उनसे मिले जवाब के आधार पर भाजपा की प्राथमिक सदस्यता से त्यागपत्र दे देंगे।

7 जनवरी काे प्रकाशित खबर