पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • कोर्ट परिसर में 68 दिन बाद लौटी रौनक

कोर्ट परिसर में 68 दिन बाद लौटी रौनक

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
पिछले68 दिनों से न्यायिक कार्यों का बहिष्कार कर रहे वकीलों का आंदोलन प्रदेशव्यापी आह्वान के बाद रविवार को समाप्त हो गया। इसके साथ ही शहर जिले में भी सोमवार से सभी वकील काम पर लौट आए।

करीब दो माह से ज्यादा चले आंदोलन के दौरान कोर्ट परिसर में सन्नाटा छाया रहता था। वहीं, सोमवार को वकीलों के काम पर लौटने के साथ ही यहां की फिज़ां बदल गई और चारों ओर चहल पहल और रौनक दिखाई देने लगी। शहर के कोर्ट परिसर में चारों ओर पक्षकारों की भीड़भाड़ दिखाई दी। इसके साथ ही वकील चैंबर्स भी पक्षकारों से आबाद रहे। पक्षकार अपने-अपने मामलों को लेकर उनसे सलाह मशविरा करने के साथ ही अपना मामला पहले लेने का निवेदन करते दिखाई दिए। इधर, जिले के बागीदौरा, गढ़ी, तलवाड़ा, घाटोल के न्यायालयों में भी न्यायिक कार्य सोमवार से शुरू हो गए। जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राजीव जोशी और सचिव जाकिर गौरी ने बताया कि कोर्ट में वकीलों के उपस्थित होने और पैरवी करने से पक्षकारों में प्रसन्नता की लहर छा गई है। सोमवार को जिला एवं सेशन न्यायाधीश ओमप्रकाश गुप्ता ने विभिन्न प्रकरणों में सुनवाई की और गवाहों के बयान दर्ज किए। वहीं, अपर जिला एवं सेशन न्यायालय में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय और मोटरयान दुर्घटना, एसडीओ कोर्ट में भी वकील पैरवी करते नजर आए।